कांग्रेस पार्टी को 24 साल बाद पहला गैर-गांधी अध्यक्ष मिल गया है। मल्लिकार्जुन खड़गे ने शशि थरूर को 6825 वोटों से हरा दिया। खड़गे को 7897 वोट मिले, वहीं थरूर को 1072 वोट ही मिल सके। 416 वोट रिजेक्ट कर दिए गए।
नतीजों के तुरंत बाद थरूर ने खड़गे को बधाई दी और अपना साथ देने वालों को धन्यवाद दिया। इसके बाद ही वे खड़गे से मिलने उनके दिल्ली स्थित आवास पहुंचे। हालांकि, उनके चीफ इलेक्शन एजेंट सलमान सोज ने वोटिंग में धांधली का आरोप लगाया था।
कांग्रेस ने चुनाव कराकर लोकतंत्र को मजबूत किया: खड़गे
कांग्रेस के नवनिर्वाचित अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बुधवार को मीडिया से करीब 9 मिनट की बातचीत में जहां गांधी परिवार की तारीफ की, वहीं केंद्र सरकार पर जमकर हमला बोला। केंद्र सरकार पर हमला बोलते हुए मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि दिल्ली की सत्ता में बैठी सरकार केवल बड़ी बातें करती है। खोखला चना, बाजे घना। देश को तानाशाही की भेंट नहीं चढ़ाया जा सकता। सबको सड़क से संसद तक लड़ना होगा।
आजादी के 75 सालों में कांग्रेस ने इस देश के लोकतंत्र को मजबूत किया और संविधान की रक्षा की है। आज लोकतंत्र खतरे में हैं और संविधान पर हमले हो रहे हैं। ऐसे में कांग्रेस ने आंतरिक चुनाव लोकतंत्र को मजबूत किया है। देश में नफरत फैलाई जा रही है। इसके खिलाफ राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा पर निकले हैं। देश उनके संघर्ष के साथ है।
खड़गे ने कहा कि गरीब परिवार में जन्में एक कार्यकर्ता को पार्टी ने अध्यक्ष बनाया है, इसके लिए मैं शुक्रगुजार हूं। कांग्रेस में सब बराबर हैं। हम सभी को पार्टी के कार्यकर्ताओं की तरह काम करना है, पार्टी में कोई भी बड़ा या छोटा नहीं होता है। हमें साम्प्रदायिकता की आड़ में लोकतांत्रिक संस्थाओं पर हमला करने वाली फासीवादी ताकतों के खिलाफ एकजुट होकर लड़ना होगा। खड़गे 26 को अध्यक्ष पद की शपथ लेंगे।
No comments:
Post a Comment