Breaking

11 February 2023

‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ यह एकात्म मानव दर्शन है


 भोपाल। एकात्म मानववाद के प्रणेता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि को प्रदेश के सभी बूथों पर कार्यकर्ताओं ने समर्पण दिवस के रूप में मनाया। भोपाल के लालघाटी चौराहे पर पं. दीनदयाल जी की प्रतिमा पर मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान एवं प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने श्रद्धासुमन अर्पित किए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा सहित वरिष्ठ नेताओं ने अपनी सहयोग निधि का समर्पण किया। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री हितानंद जी ने पार्टी के प्रदेश कार्यालय पं. दीनदयाल परिसर में पार्टी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं के साथ दीनदयालजी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किया।


एकात्म मानव दर्शन को जमीन पर उतारने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया : शिवराजसिंह चौहान

पं. दीनदयाल उपाध्याय ने ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ का भाव रखते हुए सबके प्रगति और विकास के लिए एकात्म मानववाद का सृजन किया। उनके विचारों के अनुरूप  प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने जनता के हितों को ध्यान में रखते हुए अनेकौ जनकल्याणकारी योजनाएं बनाई है। रोटी, कपडा, मकान, पढाई, दवा और रोजगार यह उसी एकात्म मानववाद से निकले विचार है। सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास यही एकात्म मानव दर्शन है, जिसको जमीन पर उतारने का काम देश के प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी कर रहे हैं। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने शनिवार को पं. दीनदयाल उपाध्याय की पुण्यतिथि पर आयोजित समर्पण दिवस कार्यक्रम में कही। 

चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने जी-20 की थीम ‘वसुधैव कुटुम्बकम’ रखी, जिसका अर्थ है सारी दुनिया एक परिवार है। प्रधानमंत्री जी ने कहा कि ‘एक पृथ्वी, एक परिवार, एक भविष्य’ यह एकात्म मानव दर्शन है जिस पर भारतीय जनता पार्टी काम कर रही है। सबका कल्याण हो, सब निरोगी हों, सभी सुखी हों और हमारा देश पूरी दुनिया को मार्ग दिखाए। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी का पूरा खर्चा कार्यकर्ताओं की खून-पसीने की कमाई से चलता है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी, राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी सहित हम सभी कार्यकर्ता नमो एप के माध्यम से समर्पण निधि समर्पित करेंगे। भारतीय जनता पार्टी एक आदर्श पार्टी है, जो स्वयं अपने कार्यकर्ताओं द्वारा दी गई समर्पण निधि से पार्टी के कार्यों को करती है। 

पं. उपाध्याय जी के विचार पर चलकर पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी : विष्णुदत्त शर्मा

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए कहा कि हम सभी के श्रद्धा और आदर्श के केंद्र पं. दीनदयाल उपाध्याय ने जनसंघ से लेकर भारतीय जनता पार्टी के लिए एक ऐसा दर्शन दिया, जिसके आधार पर चलकर आज भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बनी है। राजनीतिक दल बनने के बाद भारत भर में आज पंच-सरपंच से लेकर देश के प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति तक भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता हैं। पार्टी के कार्यकर्ता पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के एकात्म मानव दर्शन व अंत्योदय के विचार को प्रतिपादित करने का काम कर रहे हैं। पं. उपाध्याय जी ने जो विचार दिया उसे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश में और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान जी के नेतृत्व में प्रदेश में हर गरीब का जीवन बदलने का काम भारतीय जनता पार्टी की सरकार कर रही हैं। भाजपा लगातार पं. दीनदयाल उपाध्याय जी के विचारों पर कार्य कर रही है। 

No comments:

Post a Comment

Pages