Breaking

17 February 2023

विकास यात्राओं को विजय यात्रा में परिवर्तित करे क्षेत्र की जनताः भूपेंद्र यादव

 


पन्ना।
मध्यप्रदेश दिग्विजय सिंह के शासनकाल में गढ्ढा प्रदेश बन गया था। भाजपा के सत्ता में आने के बाद सरकार ने बीमारू मध्यप्रदेश को विकास के रास्ते पर बढ़ाने और विकसित प्रदेश बनाने का काम किया है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश और मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश लगातार आगे बढ़ रहे हैं। विकास का सिलसिला लगातार चलता रहे, इसके लिए जरूरी है कि क्षेत्र की जनता विकास यात्रा को विजय यात्रा में बदले। यह बात केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने पन्ना जिले के अजयगढ़ में विकास यात्रा को संबोधित करते हुए कही। विकास यात्रा को पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, प्रदेश सरकार के मंत्री श्री बृजेंद्र प्रताप सिंह, श्री रामकिशोर कांवरे ने भी संबोधित किया। इस दौरान केन्द्रीय मंत्री, प्रदेश अध्यक्ष व प्रदेश के मंत्रियों ने अजयगढ़ क्षेत्र के 1430 हितग्राहियों के खातों में 32 लाख रुपये आनलाईन भेजे और 33 करोड़ रुपये के निर्माण कार्यो का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम के दौरान कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सरपंच श्री जगनंदन पाण्डे, श्री मन्नी पाण्डे एवं श्री कमलेश यादव,  जनपद सदस्य और सरपंचों सहित 16 लोगों ने पार्टी की रीति नीति से प्रभावित होकर सदस्यता ग्रहण की। 

अब सीधे हितग्राहियों के खाते में पहुंचता है सरकार का पैसाः भूपेंद्र यादव

विकास यात्रा को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार ने देश के 30 करोड़ ज्यादा लोगों के जन धन खाते खोले। अब सरकार का पैसा सीधे हितग्राहियों के खातों में पहुंचता है, किसी बिचौलिये को नहीं मिलता। उन्होंने कहा कि देश में जब जन धन खाते खोलने की बात हुई, तो सबसे ज्यादा तकलीफ कांग्रेस के लोगों को हुई थी, क्योंकि ओले गिरें, बाढ़ आए या कोई भी आपदा आए, सबसे ज्यादा फायदा कांग्रेसियों को ही होता था। श्री यादव ने कहा कि जनधन खातों के जरिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने ‘न खाऊंगा, न खाने दूंगा’ को चरितार्थ कर दिया है।

अमृतकाल में हर वर्ग को सम्मान से जीने का हक दिलाएगी मोदी सरकार

केन्द्रीय मंत्री श्री यादव ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार आजादी की अमृतकाल में वर्ष 2047 तक हर वर्ग के लोगों को सम्मान से जीने का हक दिलाने के लिए संकल्पित होकर काम कर रही है। देश की आधी आबादी बहनों की है,  उन्हें सशक्त बनाने के लिए देश के बजट में दूर दराज के 81 लाख महिला समूहों को मजबूत करने का किया गया है। केंद्र सरकार ने एफपीओ के लिए प्रावधान बढ़ाकर किसानों को फायदा पहुंचाया है। इस बजट में मोदी सरकार ने एफपीओ के साथ पूरे देश में महिला स्वयं सहायता समूह को आगे बढ़ाने के विशेष प्रावधान किए हैं। देश में इंफ्रास्ट्रक्चर के मामले में बड़े निर्माण कार्य हो रहे हैं।

पन्ना के विकास में नहीं रहेगी कोई कसर

श्री यादव ने कहा कि पन्ना में विकास कार्यों के लिए वाइल्ड लाइफ बोर्ड की स्वीकृति प्राप्त कर ली गई है। अब जल्द ही यहां विकास कार्यों को आगे बढ़ाया जाएगा। पन्ना में 2014 के बाद विशेष रूप से टाइगर कन्जरवेंशन के क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हुआ है। यहां पर्यटन के क्षेत्र में रोजगार बढ़ें,  इसके लिए भी हर जरूरी काम किया जायेगा। यहां अभी तक पुरानी मशीनों के साथ स्किल डेवलपमेंट का काम होता है। अब युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए आर्टिफिशयल इंटेलीजेंस, डिजिटल आदि विषयों में भी प्रशिक्षण दिया जाएगा, जिसके लिए केन्द्र सरकार ने इस बजट में प्रावधान किया है।


No comments:

Post a Comment

Pages