Breaking

19 February 2023

पर्यावरण संरक्षण के लिए दृढ़ संकल्पित है शिवराज सिंह चौहान : विष्णुदत्त शर्मा

 


भोपाल।
भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि स्वर्णिम मध्यप्रदेश बनाने के संकल्प के साथ निरंतर विकास और जनसेवा के लिए समर्पित मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान पर्यावरण संरक्षण के लिए भी सतत् कार्यरत हैं। अपनी व्यस्तताओं के बाद भी प्रतिदिन पौधारोपण का उनका अटूट संकल्प समाज के लिए प्रेरणादायी है। पर्यावरण संरक्षण के लिए दृढ़संकल्पित मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के प्रतिदिन पौधारोपण के अभियान के आज सफलतम दो वर्ष पूर्ण हुए हैं। उनका यह पौधारोपण का संकल्प पूरे प्रदेश में जनअभियान बन चुका है। प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने रविवार को भोपाल के राजा भोज विमानतल परिसर के रामवन में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश शासन के मंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों के साथ पौधे लगाए एवं मुख्यमंत्री जी का अभिनंदन किया। 

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि प्रदेश भर में भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं, विभिन्न सामाजिक संगठनों, प्रबुद्धजनों, समाज के गणमान्य व्यक्तियों सहित करोड़ों लोगों ने वृक्षारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सहभागिता की है। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी क्लाईमेट चेंज के खतरों को कम करने के लिए पर्यावरण-संरक्षण का अभियान संचालित कर रहे हैं। भोजन की तरह ऑक्सीजन भी मनुष्य के लिए आवश्यक है। प्रधानमंत्री श्री मोदी जी वर्ष 2070 तक नेट जीरो कार्बन उत्सर्जन के लक्ष्य को ध्यान रखते हुए विभिन्न स्तर पर पर्यावरण बचाने का कार्य कर रहे हैं। उनके संकल्प के अनुरूप ही मध्यप्रदेश में मुख्यमत्री श्री शिवराजसिंह चौहान पर्यावरण बचाने का कार्य कर रहे है। 

श्री शर्मा ने कहा कि पौधारोपण अभियान के अच्छे परिणाम देखने को मिल रहे हैं। पर्यावरण की रक्षा के लिए अनेक परिवारों द्वारा जन्मदिवस, विवाह वर्षगाँठ और अनेक अवसरों पर पौधारोपण किया जाता है। उन्होंने कहा कि मुख्यमत्रीं श्री शिवराजसिंह चौहान का पर्यावरण बचाने का संकल्प प्रदेश भर में जन-आंदोलन बन चुका है।  

No comments:

Post a Comment

Pages