Breaking

16 March 2023

राहुल गांधी अपरिपक्व नेता, उनके सच्चे भारतीय होने पर संदेह


 भोपाल। मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान आज कर्नाटक के दौरे पर रहे, जहां उन्होंने विजयनगर में भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित  विजय संकल्प यात्रा में शामिल होकर रोड शो में भाग लिया एवं विशाल जनसभा को संबोधित कर भाजपा प्रत्याशियों को जिताने अपील की।जनसभा को संबोधित करते हुए सीएम शिवराज ने कांग्रेस और राहुल गांधी पर हमलावर होते हुए कहा की कांग्रेस के लोग रोते हैं राहुल बाबा अब देश में भी रोते हैं विदेश में भी जाकर रोते हैं। विदेश में जाकर मोदी जी की आलोचना करते हैं। कांग्रेस के लोग कहते हैं मोदी तेरी कब्र खुदेगी, जबकि देश और कर्नाटक कह रहा है मोदी तेरा कमल खिलेगा।  उन्होंने कहा की देश के दिल में और कर्नाटक की जनता के दिल में बसे हैं नरेंद्र मोदी जी। मोदी जी ने देश और देश की जनता की जिंदगी बदल दी है।


​कांग्रेस और राहुल को शर्म आनी चाहिए 

सीएम शिवराज ने कहा की राहुल गांधी अपरिपक्व नेता हैं, उनकी मानसिक आयु 5 वर्ष से कम है I एक ऐसे व्यक्ति को कॉन्ग्रेस राष्ट्रीय नेता बनाने पर तुली है, जो स्वयं लोकतंत्र पर विश्वास नहीं रखता है, देश के मूल्यों पर विश्वास नहीं रखता हो। राहुल गांधी और कांग्रेस को शर्म आनी चाहिए कि वह विदेश में जाकर देश को बदनाम करने का षड्यंत्र रच रहे हैं। उन्होंने कहा की  राहुल जी आपके इस कृत्य को देश की जनता देख रही है।  मुझे तो आपके सच्चे भारतीय होने पर भी संदेह है।  


डबल इंजन की सरकार ने विकास को गति दी 

उन्होंने कहा की कर्नाटक में डबल इंजन की सरकार कर्नाटक की तस्वीर और जनता की तकदीर बदल रही है। गरीबों को कभी फ्री में राशन कांग्रेस ने नहीं दिया। मोदी जी और बोम्मई जी की सरकार रोटी, कपड़ा,मकान,शिक्षा,स्वास्थ्य और रोजगार का इंतजाम कर रही है। प्रधानमंत्री मोदी जी ने किसानों को 6,000 रुपये दिए, तो कर्नाटक में बोम्मई जी ने उसमें 4,000 रुपये मिलाकर किसानों को 10,000 रुपये की मदद दी। इस डबल इंजन की सरकार ने विकास को गति दी है, इससे कर्नाटक भारत का सबसे प्रगतिशील राज्य बन गया है। 


कांग्रेस आज टुकड़ों में बँट गई

सीएम शिवराज ने कहा की कांग्रेस आज कई टुकड़ों में बँट गई है। डीके शिवकुमार अलग और सिद्धारमैया अलग हैं। कांग्रेस और जेडीयू कर्नाटक का भला नहीं कर सकते। जेडीयू केवल वोट काट सकती है और कांग्रेस को फायदा पहुँचा सकती है। उन्होंने कहा की हम विकास करते हैं,कांग्रेस विनाश करती है। काँग्रेसियों ने तो उनके राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे जी का भी अपमान किया। एक कार्यक्रम में वो धूप में खड़े रहे और छाता सोनिया जी के ऊपर लगाया गया। अगर कर्नाटक का सम्पूर्ण विकास कोई पार्टी कर सकती है,तो वो भारतीय जनता पार्टी है । 


हम फिर सरकार बनाएंगे 

सीएम शिवराज ने कहा की आज होसपेट में इतनी गर्मी में पसीना बहाते हुए विजय संकल्प यात्रा में जनता चल रही थी। उनकी आँखों में विश्वास है और मोदी जी के प्रति सम्मान है। मैं विश्वास के साथ कहता हूँ कि हम फिर भाजपा सरकार बनाएंगे। जनता का कल्याण कर भाजपा इसका कर्ज उतारेगी, नरेंद्र मोदी जी भारत के लिए भगवान का वरदान हैं। मोदी जी के पहले भारत का सम्मान नहीं था,पिद्दी-पिद्दी से देश भारत को आँख दिखाते थे। आज पूरे विश्व में मोदी-मोदी के नारे लग रहे हैं। पाकिस्तान तक में लोग कहते हैं कि काश हमारे पास एक मोदी होता।  एक गौरवशाली,वैभवशाली और शक्तिशाली भारत का निर्माण मोदी जी के नेतृत्व में हो रहा है। जनता से आव्हान करते हुए सीएम शिवराज ने कहा की मैं मध्यप्रदेश की धरती से प्रार्थना करने आया हूँ संकल्प लें कि बोम्मई जी के साथ चलेंगे,मोदी जी के साथ चलेंगे,कर्नाटक में भाजपा की सरकार बनाएंगे,2024 में मोदी जी को पुनः प्रधानमंत्री बनाएंगे और भारत को विश्व का सर्वश्रेष्ठ देश बनाने में अपना योगदान देंगे।

No comments:

Post a Comment

Pages