Breaking

22 April 2023

प्रदेश में बनेगा ब्राह्णण बोर्ड, मिलेगा पांच हजार भत्ता


 भोपाल। भोपाल के लालघाटी स्थित गुफा मंदिर परिसर में शनिवार सुबह परशुराम जयंती पर 'अक्षयोत्सव 2023' कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस मौके पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ब्राह्मण कल्याण बोर्ड बनाने की बात कही, साथ ही पुजारियों को 5 हजार रु. भत्ता देने और गुफा मंदिर में नया भवन बनाने की घोषणा भी की। मंदिरों की कोई भी गतिविधि सरकार संचालित नहीं करेगी। जितनी जमीन मंदिरों के नाम है, उनको कलेक्टर नीलाम नहीं करेंगे, बल्कि उनको पुजारी ही नीलाम कर सकेंगे।


सीएम शिवराज ने कहा- सरकारी स्कूलों में संस्कृत के शिक्षकों की भर्ती प्रारंभ कर दी गई है। प्रदेश के सरकारी स्कूलों में 3,547 संस्कृत शिक्षकों की नियुक्ति की गई है। प्रदेश के मंदिरों के पुजारियों को प्रतिमाह 5 हजार रुपए भत्ता और संस्कृत पढ़ने वाले कर्मकांडी बच्चों को स्कॉरशिप देने की पहल की गई है। गुफा मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल भवन बनेगा। आठवीं की किताब में भगवान परशुराम के जीवन को सम्मिलित किया गया था, हम केवल अकबर को नहीं पढ़ाएंगे, हम राम को भी पढ़ाएंगे, परशुराम को भी पढ़ाएंगे। इतिहास को सही ढंग से लिखने की कोशिश करेंगे।

मुख्यमंत्री आगे बोले- भगवान परशुराम जी को न्याय के देवता के रूप में जाना जाता है। उन्होंने आततायियों का नाश करने के लिए फरसा उठाया था। उनकी प्रेरणा से मध्यप्रदेश की धरती पर गुंडे, बदमाश, नक्सलियों की खैर नहीं है। प्रदेश सरकार पूरी ताकत के साथ अभियान चला रही है।

धीरेंद्र शास्त्री बोले- धर्म और शास्त्र दोनों जरूरी


'अक्षयोत्सव 2023' कार्यक्रम में बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री भी शामिल हुए। वे विशेष विमान से एयरपोर्ट पहुंचे। एयरपोर्ट से गुफा मंदिर तक जगह-जगह उनका स्वागत हुआ। पंडित धीरेंद्र शास्त्री ने कहा कि धर्म और शास्त्र दोनों की आवश्यकता है। हम यहां प्रवचन सुनाने नहीं आए हैं, हम तो भोपालवासियों के दर्शन करने आए हैं। शीघ्र ही भोपाल में कथा करेंगे। बालाजी की कृपा हुई तो भारत हिंदू राष्ट्र होगा। जातिवाद का नाता तोड़ना होगा और हम सबको एक होना पड़ेगा।


लालघाटी चौराहा से निकली विशाल  कलश यात्रा


भगवान परशुराम प्रकटोत्सव समारोह समिति के आलोक शर्मा, रामबाबू शर्मा और राकेश चतुर्वेदी ने बताया कि लालघाटी चौराहा से बड़ी संख्या में महिलाएं कलश यात्रा लेकर निकलीं। CM शिवराज सिंह चौहान, गुफा मंदिर श्री रामानंद आश्रम के महंत श्रीश्री 1008 रामप्रवेशदास जी महाराज, बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व केंद्रीय मंत्री सुरेश पचौरी भी शोभायात्रा में शामिल हुए। शिव भक्त मंडल उज्जैन के कलाकारों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी। मंदिर परिसर में मंच पर 551 ब्राह्मणों द्वारा स्वास्तिक वाचन, शंखनाद, भजन-कीर्तन और महाआरती कर प्रकटोत्सव समारोह की शुरुआत की गई।

संतों के लिए सजी विशेष गादी

आयोजन समिति के सदस्य चंद्रशेखर तिवारी ने बताया कि मंच पर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री व महंत रामप्रवेश दास जी महाराज के लिए विशेष गादी सजाई गई थी। इस अवसर पर पं. शास्त्री ने भक्तों को आशीर्वचन भी दिया। मंच पर चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग, विधायक रामेश्वर शर्मा, महापौर मालती राय, पूर्व महापौर आलोक शर्मा भी मौजूद थे। पूर्व महापौर शर्मा ने सभी संत और जनप्रतिनिधियों का स्वागत किया। वहीं, कार्यक्रम में सहयोग देने पर सकल समाज का सम्मान पं. शास्त्री ने किया।

 पैर रखने की जगह तक नहीं

पं. धीरेंद्रकृष्ण शास्त्री को सुनने के लिए भोपाल समेत आसपास के जिलों से भी श्रद्धालु पहुंचे थे। कई महिलाएं नन्हें बच्चों को लेकर पहुंचीं। गुफा मंदिर परिसर में हजारों लोग मौजूद थे। इतनी भीड़ थी कि पैर रखने तक की जगह नहीं मिल रही थी। कई बार श्रद्धालु गिरते-गिरते बचे। पं. शास्त्री, सीएम चौहान, मंत्री सारंग, आयोजन समिति के अध्यक्ष शर्मा ने श्रद्धालुओं को उसी स्थान पर बैठने की बात भी कहीं।


No comments:

Post a Comment

Pages