Breaking

06 April 2023

हमें भाजपा जैसी पार्टी का कार्यकर्ता होने पर गर्व, हम राष्ट्र के पुर्ननिर्माण के लिए निकले हैं


 भोपाल। हमारी गौरवशाली यात्रा जनसंघ से शुरू हुई। आज प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारतीय जनता पार्टी का लगातार विस्तार हो रहा है। हमें ध्यान रखना है कि हम सिर्फ राजनीतिक कार्यकर्ता नहीं हैं, बल्कि हम राष्ट्र के पुर्ननिर्माण के लिए निकले हैं। हमें भाजपा जैसी पार्टी का कार्यकर्ता होने पर गर्व है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी और राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी के नेतृत्व में सरकार और संगठन निरंतर आगे बढ़ रहे हैं, मध्यप्रदेश भी उसी राह पर चल रहा है। यह बात मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान और भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने गुरूवार को पार्टी के स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। इस कार्यक्रम में पार्टी के क्षेत्रीय संगठन महामंत्री श्री अजय जामवाल, मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष श्री प्रभात झा सहित पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जे.पी.नड्डा का अभिभाषण सुना। समारोह के पूर्व प्रातः प्रदेश कार्यालय में पार्टी नेताओं ने कार्यकर्ताओं के साथ कार्यालय में स्थित श्यामाप्रसाद मुखर्जी एवं पं. दीनदयाल जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर ध्वजारोहण किया। जिसके पश्चात् श्री प्यारेलाल खण्डेलवाल जी की जयंती के अवसर पर उनके चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित की।


कभी बीमारू राज्य था मध्यप्रदेश आज विकसित राज्यों मे शामिल हुआ :शिवराज सिंह चौहान

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मध्यप्रदेश पहले बीमारू राज्य हुआ करता था, हमारी अर्थव्यवस्था जीएसडीपी सबसे फिस्सडी हुआ करती थी। ताजा सर्वे में मध्यप्रदेश की अर्थव्यवस्था देश के विकसित 10 राज्यों में शामिल हुई है। उन्होंने कहा कि जब कांग्रेस का शासन था, तब प्रदेश में प्रति व्यक्ति आय मात्र 11 हजार रुपए थी जो बढकर प्रति व्यक्ति आय 1 लाख 40 हजार रुपए हो गयी है।  मध्यप्रदेश की कुल अर्थव्यवस्था का साइज केवल 71 हजार करोड़ हुआ करता था जो अब बढ़कर 13 लाख करोड़ से भी ज्यादा हो गया है। वही मध्यप्रदेश का देश की अर्थव्यवस्था में कभी योगदान केवल 3 प्रतिशत हुआ करता था जो आज बढ़कर 4.6 प्रतिशत हुआ है। कांग्रेस के समय प्रदेश में साढ़े 7 लाख  हेक्टेयर सिंचाई हुआ करती थी, जो आज 46 लाख हेक्टेयर तक पहुंच चुकी है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में  गेहूं और अनाज का उत्पादन कभी 100 लाख टन हुआ करता था जो आज 700 लाख टन हो गया है। 70 हजार किलोमीटर सड़के हुआ करती थी जो 4 लाख किलोमीटर हो चुकी है, आज मध्यप्रदेश में शानदार हाइवे हमारी सरकार ने बनाएं है। बिजली के मामले में हम सरप्लस राज्य बन चुके है। श्री चौहान ने कहा कि हमने 38 लाख मकान बनाकर गरीबों को दिए तो वही कार्यकर्ताओं के सहयोग से जनता के 3 करोड़ लाख आयुष्मान कार्ड बनाकर 25 लाख लोगों को इलाज सुनिश्चित कराया है। 44 लाख 50 हजार लाड़ली लक्ष्मीं बेटियों को लखपति बनाया तो 80 लाख किसानों को अलग अलग योजनाओं से लाभ दिया। उन्होंने कहा कि हमने बहनों को सशक्त बनाने के लिए लाड़ली बहना योजना शुरू की है, जिसमे अभी तक 57 लाख बहनों का रजिट्रेशन पार्टी कार्यकर्ताओं के सहयोग से हुआ है।


कार्यकर्ताओं के साथ जनता के कल्याण के लिए जी-जान से लगी हुई प्रदेश सरकार

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में देश और प्रदेश तेजी से आगे बढ़ रहा है। मध्यप्रदेश सरकार जनता के कल्याण के लिए अपने कार्यकर्ताओं के माध्यम से जी जान से लगी हुई है। यहां कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री जनसेवा की शिविर लगाए और अलग-अलग योजनाओं में 83 लाख नए नाम जोड़े वही विकास यात्रा निकली तो सरकार के साथ मिलकर संगठन ने आमजन को लाभान्वित करने का काम किया। उन्होने कहा कि हम उस दल के कार्यकर्ता है जहां राष्ट्र प्रथम, फिर दल और अन्त में स्वयं को रखते है। हम सब मिलकर राष्ट्र के पुर्ननिर्माण में योगदान देते हुए मध्यप्रदेश को आगे बढ़ायें। 


सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को संगठन से जोड़ने के लिए कार्यकर्ता संकल्पित : विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने स्थापना दिवस पर पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई एवं शुभकामनाएं दी। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश के 64 हजार 100 बूथों पर पार्टी के स्थापना दिवस के कार्यक्रम हो रहे है। इस संगठन को सींचने में हमारे प्रेरणापुरुषों ने अपना सबकुछ समर्पित कर दिया। हमारे इन पितृपुरुषों के पदचिन्हों का अनुसरण करते हुए भाजपा विश्व का सबसे बड़ा राजनीतिक दल बना है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी एवं भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी संगठन कार्यों में डिजिटलीकरण और युवाओं को पार्टी से जोड़ने की जो बात कही है।  मुझे यह बताने में गर्व की अनुभूति है कि हमारे बूथ कार्यकर्ताओं के परिश्रम से प्रदेश में 90 प्रतिशत से अधिक बूथ डिजिटल हो चुके हैं। भारतीय जनता युवा मोर्चा युवा चौपाल लगाकर 18 वर्ष के युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए अभियान चला रहा रहा है।  



प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने के संकल्प दोहरायें कार्यकर्ता

श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में केन्द्र सरकार और मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में प्रदेश सरकार द्वारा संचालित जनहितैषी योजनाओं का लाभ जन-जन को दिलाने के साथ पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री जेपी नड्डा जी के नेतृत्व में सेवा कार्यों के माध्यम से समाज को संगठन से जोड़ने के लिए मध्यप्रदेश के कार्यकर्ता संकल्पित हैं। उन्होंने प्रदेश के पार्टी कार्यकर्ताओं से आव्हान करते हुए कहा कि आज के दिन हम सभी मिलकर मध्यप्रदेश में प्रत्येक बूथ पर भारतीय जनता पार्टी मध्यप्रदेश को सशक्त और डिजिटल बनाने तथा आगामी विधानसभा और लोकसभा चुनाव में प्रत्येक बूथ पर 51 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने के संकल्प को दोहरायें।


No comments:

Post a Comment

Pages