Breaking

12 June 2023

पुरानी पेंशन, किसान कर्ज माफी और 100 यूनिट बिजली माफ और 200 यूनिट बिजली हाफ : प्रियंका गांधी


 जबलपुर /भोपाल 

मध्य प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर आज कांग्रेस ने जबलपुर से अपने प्रचार अभियान की शुरुआत की। कांग्रेस महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष श्री कमलनाथ की अगुवाई में जबलपुर में विजय शंखनाद 2023 जनसभा का आयोजन किया गया। इससे पूर्व प्रियंका गांधी ने जबलपुर के ग्वारीघाट में नर्मदा आरती की और रानी दुर्गावती की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।

जनसभा को संबोधित करते हुए श्रीमती प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनना तय है। भारतीय जनता पार्टी प्रचार माध्यमों के सहारे झूठी सूचनाएं और झूठी खुशफहमियां लोगों के बीच फैलाने की कोशिश करती है लेकिन जनता प्रदेश की सच्चाई को जानती है। मध्यप्रदेश में महंगाई बेरोजगारी और गरीबी चरम पर है।


सीएम पर साधा निशाना

प्रियंका गांधी ने कहा कि मुझे जानकर आश्चर्य हुआ शिवराज सिंह चौहान ने अपने कार्यकाल में सिर्फ 21 लोगों को नौकरी दी। प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्य प्रदेश में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच गया है। डंपर घोटाला व्यापम घोटाला पुलिस भर्ती घोटाला नर्सिंग घोटाला पोषण आहार घोटाला इस सरकार की पहचान बन गई है। मुझे महाकाल के एक पुजारी जी ने जब वीडियो भेजा कि हवा चलने से महाकाल लोक में मूर्तियां गिर गई हैं तब मुझे समझ आया कि यह भगवान के नाम पर भी घोटाला करने से नहीं चूकते। मोदी जी ने कर्नाटक में गालियों की लिस्ट दिखाई थी लेकिन मध्यप्रदेश में शिवराज जी की घोटालों की लिस्ट मोदी जी की लिस्ट से भी बड़ी है।


सरकार बनते ही पूरी होगी घोषणाएं

प्रियंका गांधी ने कहा कि मध्यप्रदेश में कांग्रेस पार्टी ने जो घोषणाएं की हैं उन्हें सरकार बनते ही पूरा किया जाएगा। हर बहन को ₹1500 प्रति माह और ₹500 में रसोई गैस का सिलेंडर दिया जाएगा। 100 यूनिट तक बिजली माफ की जाएगी और 200 यूनिट तक बिजली का बिल हाफ कर दिया जाएगा। किसानों की कर्ज माफी की जाएगी और पुरानी पेंशन योजना लागू की जाएगी।

प्रियंका गांधी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी समाज को तोड़ने की कोशिश कर रही है और लोगों में आपस में झगड़ा करा रही है। जबलपुर मध्य प्रदेश की संस्कारधानी है और यहां की जनता जानती है कि कौन सच की तरफ है और कौन झूठे वादे करता है।

उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश की जनता ने मन बना लिया है कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सरकार बनानी है। भाजपा ने कर्नाटक और हिमाचल प्रदेश में बहुत भ्रम फैलाने की कोशिश की और लोगों को उकसाने की कोशिश की लेकिन जनता ने कांग्रेस को ही चुना।


प्रदेश में सिर्फ झूठी घोषणाएं-कमलनाथ 

पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीसीसी अध्यक्ष श्री कमलनाथ ने कहा कि जब मैंने श्रीमती प्रियंका गांधी से मध्यप्रदेश आने का आग्रह किया तो उन्होंने मना कर दिया। मैंने पूछा कि आप ऐसा क्यों कह रही हैं तो श्रीमती प्रियंका गांधी ने कहा कि मैं नर्मदा मैया की आरती के साथ ही मध्यप्रदेश में कोई कार्यक्रम करूंगी और इसके लिए मैं संस्कारधानी जबलपुर आना चाहती हूं।

कमलनाथ ने कहा कि शिवराज सिंह चौहान की सरकार ने मध्य प्रदेश के विका
स को रोक दिया है और सिर्फ झूठी घोषणाएं की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि झूठ बोलने में मैं शिवराज जी का मुकाबला नहीं कर सकता, घोषणा करने में शिवराज जी का मुकाबला नहीं कर सकता और भाषणबाजी में शिवराज जी का मुकाबला नहीं कर सकता सकता हूं । लेकिन सच्चाई के मामले में मैं शिवराज सिंह को हरा सकता हूं। मध्य प्रदेश की जनता सच्चाई का साथ देगी और 5 महीने बाद मध्यप्रदेश विधानसभा में कांग्रेस का झंडा लहराएगा।


No comments:

Post a Comment

Pages