Breaking

14 June 2023

पार्टी को शिखर पर पहुंचाने के लिए निस्वार्थ भाव से अपना पसीना बहाते हैं कार्यकर्ताः मुरलीधर राव


 विदिशा।
भारत वर्ष में मध्यप्रदेश भाजपा का संगठन शीर्ष पर है। यहां हर विधानसभा स्तर पर होने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन में जितने कार्यकर्ता एकत्र होते हैं, उतने अन्य प्रदेशों में नहीं होते। मध्यप्रदेश में हमारे पास निष्ठावान कार्यकर्ताओं की भरमार है। भाजपा कार्यकर्ताओं की मेहनत और उनके पसीने से बनी पार्टी है। पार्टी में सांसद, विधायक, नगर पालिका अध्यक्ष, पार्षद व अन्य जनप्रतिनिधियों की संख्या तो हजारों में ही है, लेकिन ऐसे कार्यकर्ता लाखों की संख्या में हैं, जो किसी पद पर नहीं हैं और पार्टी को शीर्ष पर ले जाने के लिए निस्वार्थ भाव से काम कर रहे हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव ने कुरवाई के उत्सव गार्डन में वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही।  

सरकार की योजनाओं को घर-घर तक पहुंचाना है

श्री मुरलीधर राव ने कहा कि मोदी सरकार के 9 वर्ष पूर्ण होने पर देश भर में वरिष्ठ कार्यकर्ता सम्मेलन, व्यापारी सम्मेलन, हितग्राही सम्मेलन, पत्रकार वार्ता जैसे अनेकों आयोजन किए जा रहे हैं। इन आयोजनों का उद्देश्य बीते 9 सालों में मोदी सरकार द्वारा किए गए कामों और जनहित की योजनाओं को जनता तक पहुंचाना है। एक महीने तक चलने वाले इस अभियान के अंतिम 10 दिनों में हर नेता, हर जनप्रतिनिधि, हर कार्यकर्ता घर-घर तक पहुंचेगा और सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचाएगा।  

दिग्विजय सिंह का घूमना भाजपा की सरकार बनाने के लिए काफी है

प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव ने कहा कि आजकल दिग्विजय सिंह और कमलनाथ पूरे प्रदेश में घूम रहे हैं। दिग्विजय सिंह को देखते ही जनता को 2003 के पहले के मध्यप्रदेश की दुरावस्था याद आ जाती है। इसलिए वो जहां जाते हैं, वहां भाजपा के वोट बढ़ जाते हैं। दिग्विजय सिंह प्रदेश में जितना ज्यादा घूमेंगे, हमारे लिए अच्छा है। सिर्फ उनका घूमना ही मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार बनाने के लिए काफी है।            

चुनाव के बाद इटली, फ्रांस चले जाएंगे कांग्रेस के नेता

श्री मुरलीधर राव ने कहा कि प्रियंका गांधी मध्यप्रदेश में चुनाव के पहले आई हैं। लेकिन कांग्रेस के ये नेता चुनाव के बाद मध्यप्रदेश लौटकर नहीं आएंगे। ये छुट्टियां मनाने इटली, अमेरिका और फ्रांस चले जाएंगे। दूसरी तरफ हमारे नेता हर दो-तीन महीने में मध्यप्रदेश आते हैं। मोदी जी, अमित शाह जी, नड्डा जी जैसे हमारे नेता पूरे 12 महीने जनसेवा का संकल्प लेकर काम करते हैं और पूरे देश में जाते हैं। श्री राव ने कहा कि कांग्रेस में राहुल, प्रियंका, कमलनाथ, नकुलनाथ,  दिग्विजय सिंह, जयवर्धन सिंह जैसे 6- 7 नेता ही हैं, लेकिन हमारे पास कार्यकर्ताओं की लंबी लिस्ट है। उन्होंने कहा कि 15 साल बाद कांग्रेस का अध्यक्ष कौन होगा, मुख्यमंत्री पद का दावेदार कौन होगा ये आज ही तय हो चुका है। लेकिन भाजपा में कल कौन कार्यकर्ता कहां पर पहुंचेगा यह कोई तय नहीं कर सकता। 

No comments:

Post a Comment

Pages