Breaking

15 July 2023

प्रियंका गांधी कांग्रेस में महिलाओं को सम्मान और राजस्थान में सुरक्षा दिलाने के लिए कब लड़ेगी?- अर्चना चिटनीस


  भोपाल। मध्यप्रदेश सरकार की पूर्व मंत्री और पार्टी की प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती अर्चना चिटनीस ने कहा कि श्रीमती सोनिया गाँधी भले ही कांग्रेस की राष्ट्रीय अध्यक्ष रही हां, प्रियंका गाँधी राष्ट्रीय महासचिव हैं, लेकिन ये नेत्रियां अपने दल में महिलाओं को सम्मान और राजस्थान सरकार में सुरक्षा दिलाने में असमर्थ हैं। श्योपुर के नागौद में कांग्रेस नेता जीतू पटवारी की मौजूदगी में कांग्रेस नेत्री संध्या कुशवाहा द्वारा
मंच से कांग्रेस में महिलाओं के साथ हो रहे भेदभाव को बताना और राजस्थान के करौली में लड़की के साथ दुष्कर्म के बाद जलाकर निर्मम हत्या की घटना यह बताती है कि कांग्रेस संगठन में महिलाओं के सम्मान और राजस्थान सरकार में सुरक्षा देने में असमर्थ हैं, क्योंकि कांग्रेस मानसिकता हमेशा महिला विरोधी रही है। उन्होंने कहा कि  ’लड़की हूँ मैं लड़ सकती हूँ का नारा देने वाली प्रियंका गाँधी अपने दल में महिलाओं को सम्मान और राजस्थान सरकार में सुरक्षा दिलाने के लिए कब लड़ेगी? 

कांग्रेस सरकारों में बेटियां असुरक्षित

श्रीमती अर्चना चिटनीस ने राजस्थान के करौली में लड़की के साथ सामूहिक दुष्कर्म के बाद एसिड से जलाकर निर्मम हत्या की घटना की निंदा करते हुए कहा कि कांग्रेस महिला सम्मान और सुरक्षा की बड़ी-बड़ी बातें करती है, उनकी नेता प्रियंका गाँधी महिलाओं के हक और अधिकार के लिए लड़ने की ढोंग रचती हैं लेकिन कांग्रेस की सरकारों में ही बेटियों असुरक्षित हैं। प्रदेश प्रवक्ता श्रीमती चिटनीस ने कहा कि नेशनल क्राइम रिकॉर्ड ब्यूरो(एनसीआरबी) की रिपोर्ट में राजस्थान पूरे देश में दुष्कर्म के मामले में सबसे अधिक आगे है। रिपोर्ट के मुताबिक 2021 में राजस्थान में कुल 6,337 दुष्कर्म के प्रकरण सामने आए, जो साल 2020 के 5,310 के मुकाबले एक हजार ज्यादा थे। 2020 और 2021 में बांकी राज्यों की तुलना में राजस्थान रेप के मामले में आगे है। 2022-23 में राजस्थान में मामले बढ़े हैं। इससे पता चलता है कि महिलाओं की सुरक्षा की दुहाई देनी वाली राजस्थान की कांग्रेस सरकार महिलाओं के प्रति कितनी लापरवाही है। बेटियों के हक की लड़ाई लड़ने का दावा करने वाली प्रियंका गांधी का राजस्थान की घटना पर कोई ट्वीट नहीं आता है। उन्होंने कहा कि प्रियंका जी, ग्वालियर मत जाओ, राजनीति फिर कभी कर लेना, अभी तो राजस्थान के करौली जाकर दलित बेटी के मां-बाप से मिलकर माफी मांगो, अपने नाकारा और निकम्मेपन वाली सरकार के लिए जिसके कारण बेटियां हैवानियत का शिकार हो रही है। उन्होंने कहा कि राजस्थान में बढ़ते दुष्कर्म के मामलों में बोलने से प्रियंका गाँधी और राहुल गाँधी के हाथ-पैर क्यों फूल रहे हैं। इसका जवाब प्रियंका और राहुल गांधी को देना होगा।


No comments:

Post a Comment

Pages