Breaking

03 July 2023

कलेक्टर की पत्नी के गले से चेन लूटकर ले गए बदमाश


 ग्वालियर।
प्रदेश में बदमाश कितने बेखौफ हो गए हैं, इसकी एक बानगी शहर में देखने को मिली है। बदमाशों ने मार्निंग वाक को निकली खरगोन कलेक्टर की पत्नी के गले से सोने की चेन झपट ली। पुलिस ने बदनामी के डर से इस वारदात को छिपाए रखा था। अब सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाशों की तलाश की जा रही है। 


 घटना रविवार की है, लेकिन पुलिस ने इसे छिपाए रखा। सोमवार को इसका खुलासा हुआ है। 

शिवराज सिंह वर्मा वर्तमान में खरगोन में कलेक्टर हैं। वह ग्वालियर में ADM रह चुके हैं। यहां सिरोल स्थित पॉश टाउनशिप विंडसर हिल्स H-30 में उनकी पत्नी पुष्पा सिंह रहती हैं। वे रोज की तरह रविवार को भी सुबह 6.40 बजे मॉर्निंग वॉक पर निकली थीं। कलेक्टोरेट पहाड़ी तक वॉक करने के बाद वह वापस लौट रही थीं।


तभी एमपीसीटी कॉलेज के सामने विंडसर हिल्स रोड पर एक बदमाश पैदल चलते हुए पीछे से आया। वह कुछ समझ पातीं, इससे पहले बदमाश ने झपट्टा मार कर गले से सोने की चेन छीन ली।

चेन छीनकर भाग रहे लुटेरे का पीछा करते हुए पुष्पा सिंह ने शोर मचाया। कुछ ही दूर बदमाश का साथी बाइक स्टार्ट कर खड़ा था। बदमाश साथी की बाइक पर बैठकर मॉडल टाउन की तरफ भाग निकला। पुष्पा सिंह ने इसकी सूचना पुलिस को दी।


पुलिस ने बदमाशों की तलाश में नाकाबंदी कराने के साथ ही सर्चिंग की। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए 24 घंटे तक घटना को सार्वजनिक नहीं होने दिया। हालांकि सोमवार को मामले का खुलासा हुआ।


No comments:

Post a Comment

Pages