Breaking

25 August 2023

भाजपा के सदस्यता अभियान के तहत एमपी के मन में मोदी कार्यक्रम आयोजित


 भोपाल।
भाजपा देश का एकमात्र राजनैतिक दल है, जो अन्य दलों से भिन्न पद्धतियां और विचारों पर काम करती है। देश में कई राजनैतिक दल हैं जो जातिवाद, भाषावाद, प्रांतवाद, पूंजीवाद, परिवारवाद के आधार पर काम करता है पर भारतीय जनता पार्टी एकमात्र वह दल है जो सभी संकीर्णताओं से उपर उठकर सिर्फ राष्ट्रवाद के लिए काम करता है। देश के लिए काम करने वाले दल भारतीय जनता पार्टी से आप जुडे है, आप सभी का भारतीय जनता पार्टी में स्वागत और अभिनंदन है। यह बात केन्द्रीय मंत्री व प्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने शुक्रवार को कुशाभाउ ठाकरे सभागार में आयोजित भारतीय जनता पार्टी के सदस्यता अभियान के अंतर्गत एमपी के मन में मोदी कार्यक्रम में नवमतदाताओं का स्वागत करते हुए कही। पार्टी के प्रदेश मंत्री और सदस्यता प्रभारी श्री रजनीश अग्रवाल ने भी कार्यक्रम को संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी नेताओं ने लगभग 600 से अधिक नवमतदाताओं ने पार्टी द्वारा जारी नंबर 7000-230-230 डायल करवाकर पार्टी की सदस्यता दिलवाई। कार्यक्रम का प्रदेश की 230 विधानसभाओं में लाइव प्रसारण हुआ। मंच का संचालन युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्री वैभव पंवार ने किया।

देश और दुनिया में कोई भी क्रांति हुई तो उसका नेतृत्व युवाओं ने ही किया - नरेंद्र सिंह तोमर

 केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्र सिंह तोमर ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इतिहास साक्षी है कि दुनिया और देश में जब भी कोई बदलाव और क्रांति हुई तो उसका नेतृत्व देश के युवाओं ने ही किया है। सर्वप्रथम जगतगुरू शंकराचार्य जी ने युवावस्था में ही सारे देश का भ्रमण किया और आध्यामिक क्रांति लाकर हिन्दू धर्म की आचार संहिता को स्थापित किया। स्वामी विवेकानंद जी ने शिकागों की धर्मसभा में हिन्दुस्तान, हिन्दु धर्म और उसकी व्यापकता को दुनिया के समक्ष रखकर सारी दुनिया को हतप्रभ करने का काम किया। देश को आजाद कराने के लिए कई बलिदानी पूर्वज शहीद भगत सिंह, चन्द्रशेखर आजाद, राजगुरू, सुखदेव, पं. रामप्रसाद बिस्मिल ये सभी युवा रहते हुए फांसी के फंदे पर झूल गए। उन्होंने कहा कि आजादी के बाद इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाकर देश को जेल में बदल दिया था। जयप्रकाश नारायण के नेतृत्व में आपातकाल के खिलाफ जो आंदोलन हुआ उसमें युवाओं की ही भूमिका थी। श्री तोमर ने कहा कि 2014 में हमारे लोकतंत्र ने नई करवट ली, देश नेतृत्व बदलना चाहता था तब श्री नरेन्द्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाने में भी देश के युवाओं की अहम भूमिका थी। उन्होंने कहा कि मोदी जी का सशक्त नेतृत्व भारत की आंतरिक बुनियाद को मजबूत करने के साथ देश के युवाओं के सपने भी गढ़ रहा है। 

देश को दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति से बचाना मतलब देश और प्रदेश को कांग्रेस से बचाना

केन्द्रीय मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर ने कहा कि कांग्रेस देश का सबसे पुराना दल है। लेकिन लंबे समय के बाद कांग्रेस की उम्र बढी लेकिन उसकी बुद्धि का विकास नहीं हुआ। देश में जब टीबी और पोलिया जैसी महामारी आयी तो देशवासियों को 20 से 25 साल तक वैक्सीन का इंतजार करना पडा, लेकिन कोरोना के कठिन काल में प्रधानमंत्री जी ने वैज्ञानिकों का मनोबल बढाया, जिसके कारण सिर्फ 90 दिनों के भीतर ही भारतीय वैक्सीन बनकर तैयार हुई। दुनिया के 110 से अधिक देशों को भारत ने वैक्सीन देकर विश्व बंधुत्व का संदेश दिया। पूरी दुनिया भारत को धन्यवाद दे रहा था तब कांग्रेस को यह वैक्सीन रास नहीं आयी। जब एयर स्ट्राइक, सर्जिकल स्ट्राइक हुई तब भी कांग्रेस ने प्रश्न चिन्ह उठाए। उन्होंने कहा कि यह दुर्भाग्य है कि जब भी देश को शोहरत मिलने का अवसर आता है तो कांग्रेस के पेट में दर्द होता है। देश को इस दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति से बचाना मतलब देश और मध्यप्रदेश को कांग्रेस से बचाना है। उन्होंने उपस्थित युवाओं से आव्हान करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने 2047 का जो स्वप्न देखा है उसे हमें मिलकर पूरा करना है तो उसके लिए श्री नरेन्द्र मोदी जी और भाजपा जैसा सशक्त नेतृत्व चाहिए। उन्होंने कहा कि युवा भारतीय जनता पार्टी के साथ कदम से कदम और कंधा से कंधा मिलाकर चले। निश्चित तौर पर 2023 में भाजपा रिकार्ड मतों से सरकार बनायेगी।

मोदी जी ने वैज्ञानिकों को संबल और उनका आत्मविश्वास बढ़ाने का काम किया - विष्णुदत्त शर्मा

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कार्यक्रम में उपस्थित युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आप मात्र भारतीय जनता पार्टी के सदस्य नहीं बने हैं, आज आपने स्वयं को देश से जोड़ने का काम किया है। उन्होंने कहा कि आजादी के 75 वर्षों में कभी किसी को कल्पना नहीं थी कि हमारे वैज्ञानिक भी दुनिया में भारत का मान बढ़ा सकते हैं, लेकिन जब प्रधानमंत्री श्री मोदी जी ने वैज्ञानिकों को संबल दिया तो उन्हीं वैज्ञानिकों ने कोरोना की वैक्सीन बनाकर भारत और दुनिया के करोड़ों लोगों की जान बचाई तो वहीं चन्द्रयान-3 को दक्षिणी धु्रव पर उतारकर इतिहास बनाने का काम किया। उन्होंने कहा कि मोदी जी ने देश की प्रगति, उन्नति और समृद्धि का मार्ग दिखाया है, इसलिए एमपी के मन में मोदी है।


No comments:

Post a Comment

Pages