Breaking

23 August 2023

हर बूथ और हर पन्नें पर ऐतिहासिक बहुमत से चुनाव जीतना हमारा संकल्प : विष्णुदत्त शर्मा


 भोपाल।
सिर्फ भारतीय जनता पार्टी ही चुनाव से इतने पहले प्रत्याशी घोषित करने का साहस दिखा सकती है। आज विधानसभा चुनाव 2023 के लिए घोषित सभी 39 प्रत्याशियों की बैठक थी। प्रत्याशियों को प्रदेश चुनाव प्रभारी एवं केन्द्रीय मंत्री श्री भूपेंद्र यादव, मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान, चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक एवं केन्द्रीय मंत्री श्री नरेंद्र सिंह तोमर, सह प्रभारी व केन्द्रीय मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव का मार्गदर्शन मिला। सभी प्रत्याशियों को चुनाव की दृष्टि से करने योग्य कामों के बारे में बताया गया है। सभी प्रत्याशी वरिष्ठ नेता श्री अमित शाह जी के मंत्र के अनुरूप प्रत्येक बूथ और हर पन्ने पर ऐतिहासिक बहुमत से जीत के संकल्प को लेकर पूरी तैयारी और गंभीरता के साथ मैदान में उतर चुके हैं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मीडिया से चर्चा के दौरान कही। 

सरकार बननी नहीं, इसलिए कुछ भी बोल रही कांग्रेस

प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि इन दिनों कांग्रेस कुछ भी वादे कर रही है। उन्हें पता है कि सरकार बननी नहीं है। जब यह पहले से पता हो कि सरकार बननी नहीं है, तो ऐसे में कुछ भी झूठा वादा कर लो, क्या फर्क पड़ता है। श्री शर्मा ने कहा कि वैसे भी कांग्रेस झूठ का ही पिटारा है। कांग्रेस के लोग दिन भर झूठ इकट्ठा करते हैं और उसके नेता उसे बोलते जाते हैं। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के इस झूठ से भाजपा को कोई फर्क नहीं पड़ता। वो अपना झूठ बोलते रहें, भारतीय जनता पार्टी अपने काम में लगी है। हमें अपने कार्यकर्ताओं पर गर्व है और कार्यकर्ताओं के बूते पर हम अभी घोषित हुई सभी 39 सीटें जीत रहे हैं, चाहे प्रत्याशी कोई भी हो। 

देश को बदनाम करने के लिए सवाल उठाते हैं दिग्विजय सिंह

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि दिग्विजयसिंह का बयान देश के लिए अत्यंत चिंता का विषय है। वो देश को बदनाम करने के लिए इस तरह के प्रश्न उठाने के लिए जाने जाते हैं। हमेशा देश का विरोध करने वाले ऐसे लोगों को अगर देशद्रोही कहा जाए, तो गलत नहीं होगा। श्री शर्मा ने कहा कि दिग्विजयसिंह ने पटियाला हाउस एनकाउंटर में शहीद हुए मोहनचंद्र शर्मा जी की शहादत पर सवाल उठाए थे। वे उस आतंकवादी के घर मिलने गए थे, जिसे सर्वोच्च न्यायालय ने फांसी की सजा दी थी। उन्होंने कहा कि देश में जब कांग्रेस की सरकार थी, तब आतंकवादी हमारे सैनिकों की सिर काटकर फुटबाल खेला करते थे। लेकिन प्रधानमंत्री मोदी जी की सरकार बनने के बाद जब उन्होंने हमारे सैनिकों पर हाथ उठाने का प्रयास किया, तो हमारी सेनाओं ने पाकिस्तान में सर्जिकल स्ट्राइक करके उन्हें जवाब दिया। लेकिन दिग्विजयसिंह ने उस पर भी सवाल उठाए। 

इन्हें देश का मान-सम्मान नहीं सुहाता

श्री शर्मा ने कहा कि जब भी देश का मान- सम्मान बढ़ता है, तो वामपंथी विचारों से प्रेरित दिग्विजयसिंह जैसे नेताओं को बड़ी पीड़ा होती है। कोरोना संकट के दौरान जब हमारे प्रधानमंत्री के प्रयासों से भारत के अंदर वैक्सीन बनाई गई और लोगों को मुफ्त लगाई जा रही थी, तब भी दिग्विजय सिंह ने प्रश्न उठाए। आज हमारे वैज्ञानिकों के अथक परिश्रम से चंद्रयान चांद की सतह पर उतरने जा रहा है, हमारे वैज्ञानिकों ने इतनी बड़ी सफलता हासिल की है, देश के 140 करोड़ लोग और सारी दुनिया मिशन की सफलता के लिए दुआएं मांग रही है, तो दिग्विजय सिंह वैज्ञानिकों को वेतन की बात उठा रहे हैं। आज पूरे देश के लिए, हमारे वैज्ञानिकों के लिए खुशी का दिन है जब भारत एक इतिहास रचने जा रहा है, लेकिन दिग्विजय सिंह सवाल उठा रहे हैं। इन्हें तो शर्म आनी चाहिए ऐसी बात करते समय। लेकिन मैं बहुत पीड़ा के साथ कहना हूं कि उनका यह बयान दुर्भाग्यपूर्ण है और पूरे देश के खिलाफ साजिश है। श्री शर्मा ने कहा कि दिग्विजय सिंह इस प्रकार की चीजों में ही आनंद आता है। 

ये देश को बदनाम करना चाहते हैं

प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भारत आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री जी से हमारे वैज्ञानिकों को ताकत और प्रोत्साहन मिल रहा है और विभिन्न क्षेत्रों में देश नई ऊंचाईयां छू रहा है। मैं सभी कार्यकर्ताओं की ओर से हमारे वैज्ञानिकों को बधाई देता हूं, अभिनंदन करता हूं। लेकिन बंटाढार और कमलनाथ जैसे लोगों को भारत को बदनाम करने में ही आनंद आता है। बंटाढार सवाल उठाते हैं, तो कमलनाथ भारत को महान नहीं, बदनाम कहते हैं, क्योंकि ये देशी-विदेशी ताकतों से प्रेरित हैं। इन्हें भारत को आगे बढ़ते हुए देखना अच्छा नहीं लगता है।


No comments:

Post a Comment

Pages