Breaking

18 August 2023

अपना बूथ जीतने का संकल्प लेकर चुनावी युद्ध में जुट जाए प्रत्येक कार्यकर्ता : नरेंद्रसिंह तोमर


 भिण्ड। बूथ के कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही भारतीय जनता पार्टी दुनिया का सबसे बड़ा राजनीतिक संगठन बना है। हमारे यहां पद और पैसे की पूजा नहीं होती। पूजा होती है तो त्याग और तपस्या की। कार्यकर्ता व्यक्ति नहीं विचार के लिए काम करता है। हमारी केंद्र और राज्य सरकार पंडित दीनदयाल उपाध्याय के एकात्म मानववाद और अंत्योदय के विचार को लेकर काम कर रही हैं और भारत को विश्वगुरु बनाने की ओर कदम बढ़ा रही हैं। इसके लिए हमें अपनी सरकारों के हाथ मजबूत करना होंगे,  इसलिए अपने बूथ पर पूरी ताकत के साथ कमल के फूल को जिताने का संकल्प लेकर चुनावी युद्ध में जुट जाएं। यह बात केंद्रीय मंत्री एवं मध्यप्रदेश चुनाव प्रबंधन समिति के प्रदेश संयोजक श्री नरेंद्रसिंह तोमर ने शुक्रवार को अटेर विधानसभा के कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। सम्मेलन को प्रदेश सरकार के मंत्री श्री अरविंद भदौरिया एवं सांसद श्रीमती संध्या राय ने भी संबोधित किया। सम्मेलन के दौरान सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। 

निष्ठावान कार्यकर्ता ही बूथ की मुख्य पहचान

केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में बूथ का कार्यकर्ता भी राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है। उन्होंने कहा कि संगठन का निष्ठावान कार्यकर्ता ही हमारे बूथ की मुख्य पहचान है। हमारा कार्यकर्ता विचार पर केंद्रित है, व्यक्ति पर नहीं। केंद्रीय मंत्री तोमर ने कहा कि इंदिरा गांधी ने सन 1975 में आपातकाल लगाया था। उस समय हमारे कार्यकर्ताओं पूर्व विधायक श्री शिव शंकर समाधिया, श्री केशव सिंह भदौरिया, श्री मान सिंह भदौरिया, श्री प्रभु दयाल गुप्ता ने आपातकाल का विरोध किया। उन्हें जेल के अंदर बंद कर दिया गया था लेकिन उन्होंने इंदिरा गांधी सरकार के सामने झुकना पसंद नहीं किया और ना ही उन्होंने माफी मांगी। यही हमारे कार्यकर्ताओं की मुख्य पहचान होती है। उन्होंने कहा कि अन्य राजनीतिक दल जातिवाद, परिवार, वंशवाद, भाई भतीजावाद, भाषावाद की राजनीति करते हैं, लेकिन भारतीय जनता पार्टी भारत को विश्व गुरु बनाने के लिए सर्व समाज को साथ लेकर राष्ट्रवाद की राजनीति करती है। 


No comments:

Post a Comment

Pages