Breaking

13 August 2023

प्रदेश में झूठ बोलने वाले गली-गली घूम रहे हैं, बूथ पर इन्हें दें मुंहतोड़ जवाब : विष्णुदत्त शर्मा


       भोपाल। देश और प्रदेश में कांग्रेस ने दशकों तक राज किया और सिर्फ भ्रष्टाचार, घोटाला, गरीबी, भुखमरी, बीमारी, बेरोजगारी व झूठ परोसने का काम किया है। 2003 के पहले प्रदेश में मिस्टर बंटाढार के नेतृत्व वाली कांग्रेस की सरकार थी। प्रदेश में सड़क, बिजली और पानी जैसी सुविधाओं का अभाव था और भ्रष्टाचार का बोलबाला था। उस सरकार ने प्रदेश को लूट-लूटकर बीमारू राज्य बना दिया था। लेकिन मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार ने प्रदेश को विकसित राज्यों की कतार में पहुंचाया। 2018 में गलती से कांग्रेस की सरकार बन गई थी और उद्योगपति कमलनाथ मुख्यमंत्री बने। लेकिन उस सरकार ने अपना एक भी वादा पूरा नहीं किया और गरीब कल्याण की योजनाओं को बंदकर हर गरीब का हक छीनने का काम किया। करप्टनाथ ने जन हितैषी योजनाओं को क्यों बंद किया? आज प्रदेश में झूठ बोलने वाली ताकतें घूम रहीं है इसलिए मध्य प्रदेश में झूठ और छलकपट की राजनीति करने वाली धूठी ताकतों को जवाब देना होगा। एक-एक कार्यकर्ता को बूथ पर इनकी झूठ की हांडी फोड़नी होंगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने रविवार को रायसेन जिले के उदयपुरा विधानसभा के बरेली में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कही। 


हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट हासिल करके इतिहास बनाने का लें संकल्प

प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि 2003 से पहले रायसेन, उदयपुरा, बरेली में सड़क, पानी, बिजली के लिए तरसते थे। हमारे कार्यकर्ता के उपर आक्रमण होता था, किसानों के साथ अन्याय होता था। एक समय था जब प्रदेश में मात्र साढे़ 7 लाख हेक्टेयर भूमि में सिंचाई होती थी लेकिन भाजपा की शिवराज सरकार के समय आज 45 लाख हेक्टेयर में सिंचाई हो रही है। यह क्षेत्र में मां नर्मदा का क्षेत्र है। आज एक-एक किसान के घर और उसके खेत तक पानी पहुंच रहा है। आज प्रदेश में 24 घंटे बिजली मिल रही है। यहां तक नई दिल्ली में मेट्रो ट्रेन मध्य प्रदेश की बिजली से चलती है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने मध्यप्रदेश में विकास के नए आयाम गढे़ हैं। सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य, शिक्षा एवं हर क्षेत्र में उल्लेखनीय काम हुए हैं। भाजपा की सरकार नहीं होती तो देश और प्रदेश का क्या हाल होता है। इसलिए इन झूठी ताकतों के बहकावे में बिल्कुल भी नहीं आना है। हमें हर बूथ पर 51 प्रतिशत वोट हासिल करके इतिहास बनाने का संकल्प लेना है। 


No comments:

Post a Comment

Pages