Breaking

09 September 2023

मध्यप्रदेश में नहीं चलेगा कमलनाथ और बंटाढार का झूठ, कड़ा जवाब देगी भाजपाः शर्मा


 मुरैना।
कांग्रेस ने मध्यप्रदेश में हार के डर से बौखलाकर एक राष्ट्रीय न्यूज चैनल की बाईट को जिस प्रकार से एडिट करके झूठ परोसने का काम किया है और जिस तरह से पूर्व मुख्यमंत्री मि. बंटाधार के द्वारा ट्वीट किया गया है, उससे स्पष्ट है कि कांग्रेस हार के डर से बौखला गई है। भारतीय जनता पार्टी का एक-एक कार्यकर्ता इनके झूठ का जवाब देने के लिए प्रत्येक बूथ पर सजग प्रहरी बनकर खड़ा है और कमलनाथ तथा दिग्विजयसिंह का झूठ मध्यप्रदेश में नहीं चलेगा। पार्टी इसका कड़ा जवाब देगी। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने मुरैना में मीडिया से चर्चा के दौरान कही। पत्रकारों को प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश महामंत्री श्री रणवीर सिंह रावत एवं प्रदेश मीडिया प्रभारी श्री आशीष अग्रवाल उपस्थित रहे।


जन आशीर्वाद यात्राओं की लोकप्रियता से घबराई कांग्रेस

प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि 2003 से पहले बंटाढार युग में मध्यप्रदेश जिस दुर्दशा का शिकार था, उसे लेकर प्रदेश के लोगों में व्यापक आक्रोश मौजूद है। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश में जो जन आशीर्वाद यात्राएं निकाली जा रही हैं, वो जनता को यह बता रही हैं कि बंटाढार युग के मध्यप्रदेश को भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने विकास के उच्चतम स्तर पर पहुंचा दिया है। इसके चलते जन आशीर्वाद यात्राओं को व्यापक जन समर्थन मिल रहा है। जनता के इस समर्थन और यात्राओं के प्रति उमड़ रहे उत्साह से घबराई कांग्रेस झूठ का सहारा ले रही है। श्री शर्मा ने कहा कि उस नेशनल न्यूज चैनल के मैनेजिंग डायरेक्टर ने भी यह स्पष्ट किया है कि जो न्यूज फैलाई जा रही है, वह फेक न्यूज है और हमारी खबर को जिस तरह से एडिट करके उसका दुरुपयोग किया जा रहा है, उसके खिलाफ हम कानूनी कार्रवाई करेंगे। 


झूठ बोलने का रिकॉर्ड बना रहे दिग्विजयसिंह और कमलनाथ

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि दिग्विजयसिंह और कमलनाथ मध्यप्रदेश में लगातार झूठ परोसने का काम कर रहे हैं। अगर सबसे ज्यादा झूठ बोलने के लिए गिनीज बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में कोई रिकॉर्ड बनेगा, तो वह दिग्विजयसिंह और कमलनाथ के नाम ही दर्ज होगा। कुछ समय पहले इन्होंने एक पत्र जारी करके भाजपा सरकार की छवि धूमिल करने का प्रयास किया था, वह भी फेक निकला। उस पत्र को लिखने वाले संगठन का पता ही नहीं चला। इस मामले में एफआईआर दर्ज हुई और कांग्रेस की नेत्री प्रियंका गांधी को भी झूठी साबित होकर मध्यप्रदेश से जाना पड़ा। दिग्विजयसिंह ने मध्यप्रदेश के सौहार्द्रपूर्ण वातावरण को बिगाड़ने के लिए  भगवान कुंडेश्वर को लेकर झूठे ट्वीट किए। बाद में उन्हें अपने ही ट्वीट डिलीट करना पड़ा और वे मैदान छोड़कर भाग गए। उन्होंने पता नहीं कहां की एक मस्जिद की तस्वीर को शेयर करते हुए कहा कि यह खरगोन की मस्जिद है और उस पर भगवा फहराया गया है। यह झूठ भी दिग्विजयसिंह ने प्रदेश के वातावरण को बिगाड़ने के लिए गढ़ा था। एक नेशनल न्यूज चैनल के सर्वे को एडिट करके प्रदेश की जनता को भ्रमित करने का प्रयास दिग्विजयसिंह और कमलनाथ के झूठ का सबसे ताजा उदाहरण है।  


फेक न्यूज फैलाने को लेकर जल्द कार्रवाई होगीः नरोत्तम मिश्रा

मीडिया से चर्चा करते हुए प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने कहा कि कांग्रेस खबरों को एडिट करके, फेक न्यूज फैलाकर लगातार लोगों को भ्रमित करने का काम करती रही है। उन्होंने कहा कि फेक न्यूज सोशल मीडिया पर फैलाने और उसके दुरुपयोग को लेकर कांग्रेस के खिलाफ जल्द ही कार्रवाई की जाएगी।


No comments:

Post a Comment

Pages