Breaking

09 October 2023

पांच राज्यों मे चुनाव की तारीखों का ऐलान, एमपी में 17 नवंबर को मतदान


 नई दिल्ली। केन्द्रीय निर्वाचन आयोग ने आज सोमवार को पांच राज्यो मध्यप्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम में चुनाव की तारीखों का ऐलान कर दिया है। इसके साथ ही पांचों राज्यों में आदर्श आचार संहिता भी लागू हो गई है। मुख्य चुनाव आयुक्त राजीव कुमार ने दोपहर 12 बजे एक अहम प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मध्य प्रदेश, राजस्थान, छत्तीसगढ़, तेलंगाना और मिजोरम विधानसभा चुनावों की तारीखों के बारे में विस्तार से बताया।

राजीव कुमार प्रेस कॉन्फ्रेंस कर जानकारी दी है कि छत्तीसगढ़ में दो फेज में 7 और 17 नवंबर को वोटिंग होगी। इसके अलावा मध्य प्रदेश में 17 नवंबर और राजस्थान में 23 नवंबर को सिंगल फेज में चुनाव होगा। सबसे आखिरी में 30 नवंबर को तेलंगाना वोट डाले जाएंगे। सभी राज्यों के चुनाव परिणाम तीन दिसंबर को आएंगे। बता दें कि मध्य प्रदेश में 230, राजस्थान में 200, तेलंगाना में 119, छत्तीसगढ़ में 90 और मिजोरम में 40 विधानसभा सीटों पर चुनाव होना है। चीफ इलेक्शन कमिश्नर राजीव कुमार ने बताया, चुनाव आयोग ने सभी 5 राज्यों का दौरा किया और सभी राज्यों की राजनीतिक पार्टियों के साथ बैठक की। हमने राजनीतिक पार्टियों के नेताओं से मुलाकात की. उनके सुझाव और फीडबैक लिए हैं।

62 लाख मतदाता पहली बार करेंगे मतदान
प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मुख्य चुनाव आयुक्त ने बताया कि इन राज्यों में कुल 16.14 करोड़ वोटर्स हैं। इनमें 8.2 करोड़ पुरुष, 7.8 करोड़ महिला वोटर्स हैं। इस बार 60.2 लाख नए वोटर्स पहली बार वोट डालेंगे। खास बात यह भी है कि 60.2 लाख नए मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। इनकी उम्र 18 से 19 साल के बीच है। 15.39 लाख वोटर ऐसे हैं, जो 18 साल पूरे करने जा रहे हैं और जिनकी एडवांस एप्लीकेशन प्राप्त हो चुकी हैं।

पांचों राज्यों में कुल 679 विधानसभा सीटें
पांचों राज्यों में कुल 679 विधानसभा सीटें हैं। मध्य प्रदेश में इस वक्त भाजपा की सरकार है। वहीं, छत्तीसगढ़ और राजस्थान में कांग्रेस शासन में है। तेलंगाना में के. चंद्रशेखर राव वाली भारत राष्ट्र समिति यानी बीआरएस की सरकार है। मिजोरम में जोरमथंगा की मिजो नेशनल फ्रंट सत्ताधारी पार्टी है।

कब कहां वोटिंग?
मिजोरम- 7 नवंबर
छत्तीसगढ़- पहला चरण 7 नवंबर और दूसरा चरण 17 नवंबर को
मध्यप्रदेश- 17 नवंबर
राजस्थान- 23 नवंबर
तेलंगाना- 30 नवंबर
नतीजे- तीन दिसंबर

कुल 16.14 करोड़ मतदाता इन चुनावों में अपने मताधिकार का उपयोग करेंगे
किस राज्य में इस बार कितने वोटर
मध्यप्रदेश- 5.6 करोड़
राजस्थान- 5.25 करोड़
तेलंगाना- 3.17 करोड़
छत्तीसगढ़- 2.03 करोड़
मिजोरम- 8.52 लाख

2018 में 11 दिसंबर को आए थे नतीजे
2018 में पांचों राज्यों के विधानसभा चुनाव की तारीखों का एलान छह अक्तूबर को हुआ था। छत्तीसगढ़ में चुनाव दो चरणों में कराए गए थे। वहीं मध्यप्रदेश, राजस्थान, तेलंगाना और मिजोरम में एक चरण में वोटिंग हुई थी। पांचों राज्यों के चुनाव नतीजे एक साथ 11 दिसंबर को आए थे।

चुनाव आयोग की बड़ी बातें

पांचों राज्यों की 679 विधानसभा सीटों के लिए 1.77 लाख पोलिंग स्टेशन बनाए गए हैं।

60.2 लाख नए मतदाता पहली बार वोट डालेंगे। इनकी उम्र 18 से 19 साल के बीच है। 15.39 लाख वोटर ऐसे हैं, जो 18 साल पूरे करने जा रहे हैं और जिनकी एडवांस एप्लिकेशन प्राप्त हो चुकी हैं।

17734 मॉडल बूथ, 621 पोलिंग बूथों को दिव्यांग कर्मचारी मैनेज करेंगे। 8192 पोलिंग बूथों पर महिलाएं कमान संभालेंगी।
1.01 लाख पोलिंग बूथ पर वेबकास्टिंग होगी। आदिवासियों के स्पेशल बूथ होंगे। 2 किलोमीटर के अंदर पोलिंग बूथ होंगे।

मध्यप्रदेश में देवगांव और मंडला जिले के बिछिया में 350 वोटर्स के लिए बूथ बनाया जाएगा। ये बूथ रऊट हेडक्वॉर्टर्स से 40 किमी दूर है। मध्यप्रदेश में ही नंदिया और नर्मदापुरम के पिपरिया में जिला मुख्यालय में 165 किमी दूर पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। पोलिंग पार्टी को देनवा नदी पार करके जाना होगा। इसके पहले उसे अलग गाड़ी से देनवा के किनारे तक पहुंचाया जाएगा।

छत्तीसगढ़-उड़ीसा बॉर्डर पर चांदमेता और जगदलपुर बस्तर में बसे तुलसी डोंगरी हिल एरिया में पहली बार पोलिंग बूथ बनाया गया है। पहले ग्रामीणों को वोट करने के लिए 8 किमी चलकर बूथ तक जाना पड़ता था।




No comments:

Post a Comment

Pages