Breaking

17 July 2022

यह संगठन तंत्र की मजबूती और कार्यकर्ताओं की अथक मेहनत की जीत है: विष्णुदत्त शर्मा

 -निकाय चुनाव में पार्टी की जीत के लिए प्रदेश अध्यक्ष ने दिया मतदाताओं को धन्यवाद

भोपाल। प्रदेश के नगरीय निकाय चुनाव के प्रथम चरण के अधिकतर परिणाम आ गए हैं और भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशियों को ऐतिहासिक बहुमत मिला है। पार्टी की इस जीत से मुझे कार्यकर्ताओं पर गर्व होता है। चुनाव के दौरान जिस तरह से पार्टी कार्यकर्ताओं ने एक-एक बूथ पर मेहनत की,  बूथ अध्यक्ष, महामंत्री, बीएलए, बूथ समिति, पन्ना प्रमुख से लेकर पन्ना समिति के कार्यकर्ताओं तक ने अथक मेहनत की, नगर निगम, नगर पालिका और नगर परिषदों में मिली यह ऐतिहासिक जीत उसी मेहनत का परिणाम है। 



इस जीत पर मैं पार्टी के सभी कार्यकर्ताओं को बधाई देता हूं और प्रदेश के मतदाताओं का आभार व्यक्त करता हूं कि उन्होंने भारतीय जनता पार्टी को अपार समर्थन दिया है। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद विष्णुदत्त शर्मा ने नगर निकाय चुनाव परिणामों पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कही।

जीत का आधार गरीब कल्याण की योजनाएं और नेतृत्व के प्रति विश्वास

प्रदेश अध्यक्ष श्री शर्मा ने कहा कि पार्टी की केंद्र और राज्य सरकारों ने गरीब कल्याण की जो योजनाएं लागू की हैं, जिस तरह से लोगों के जीवन को बदलने का अभियान हाथ में लिया है, उसकी इस जीत में महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके अलावा पार्टी नेतृत्व के प्रति जनता का बढ़ता विश्वास भी इस जीत का आधार रहा है। उन्होंने कहा कि इस जबर्दस्त जीत के बाद पार्टी के जनप्रतिनिधियों की जिम्मेदारी को और बढ़ा दिया है। जनता की अपेक्षाओं की पूर्ति के लिए अधिक जिम्मेदारी के साथ काम करना होगा।  

No comments:

Post a Comment

Pages