Breaking

17 July 2022

नगर निगम चुनावों में भाजपा को बड़ा झटका, तीन शहरों में कांग्रेस, सिंगरौली में आप आगे

 प्रदेश में 133 नगरीय निकायों के चुनाव परिणामों के नतीजे सामने आने लगे हैं। 11 नगर निगमों में से तीन में कांग्रेस और सिंगरौली में आम आदमी पार्टी ने बढ़त बना ली है। यह भाजपा के लिए झटका है, क्योंकि इन सभी नगर निगमों पर उसका ही कब्जा रहा है। 



सिंगरौली में अरविंद केजरीवाल की रैली का असर दिख रहा है। आम आदमी पार्टी की प्रत्याशी रानी अग्रवाल आगे चल रही है। भाजपा के चंद्र प्रताप विश्वकर्मा दूसरे और कांग्रेस केअरविंद सिंह चंदेल तीसरे नंबर पर है। 45 में से 15 वार्डों में आम आदमी पार्टी के पार्षद प्रत्याशी आगे चल रहे हैं।  

अन्य जगहों की बात करें तो उज्जैन में भाजपा के मुकेश टटवाल आगे निकल गए हैं। सुबह से ही उज्जैन में कांग्रेस आगे चल रही थी। इसी तरह छिंदवाड़ा में भी भाजपा के अनंत धुर्वे ने बढ़त हासिल कर ली है। अब कांग्रेस सिर्फ ग्वालियर (शोभा सिकरवार), जबलपुर (जगत बहादुर) और बुरहानपुर (शहनाज इस्माइल अंसारी) आगे है। सागर में भाजपा की संगीता तिवारी, भोपाल में मालती राय, इंदौर में पुष्यमित्र भार्गव, सतना में योगेश ताम्रकार आगे चल रहे हैं। 

देवास जिले में हर जगह भाजपा: देवास जिले की नगर परिषदों में भाजपा को स्पष्ट बहुमत मिल रहा है। करनावद में भाजपा ने नौ, कांग्रेस ने पांच और अन्य ने एक सीट पर जीत हासिल की। वहीं, हाटपिपल्या में भाजपा ने आठ, कांग्रेस ने छह, अन्य ने एक सीट जीती, कन्नौद में भाजपा ने दस,  कांग्रेस ने दो और अन्य ने तीन सीटें, सतवास में भाजपा ने सात, कांग्रेस ने छह और अन्य ने दो सीटें जीती, लोहरदा में भाजपा और कांग्रेस ने 7-7 और अन्य ने एक सीट जीती है। कांटाफोड़ में भाजपा ने नौ, कांग्रेस ने पांच और अन्य ने एक सीट जीती। खातेगांव में भाजपा ने सात, कांग्रेस और निर्दलीय ने तीन-तीन सीटों पर जीत हासिल की है। नेमावर में भाजपा ने 13 और अन्य ने दो सीटें हासिल की है। कांग्रेस का सूपड़ा साफ हो गया है। बागली में भाजपा ने दस, कांग्रेस ने दो और अन्य ने तीन सीटों पर जीत हासिल की है।

उज्जैन नगर निगम के महापौर के चुनाव में कांग्रेस के महेश परमार को पांच हजार वोट की बढ़त मिल गई है। छिंदवाड़ा और जबलपुर में भी कांग्रेस प्रत्याशी मजबूत स्थिति में दिख रहे हैं। वहीं, सतना में भाजपा प्रत्याशी को दो राउंड के बाद सात हजार से अधिक वोट की बढ़त है। खंडवा में भी भाजपा आगे चल रही है। 

बुरहानपुर में भाजपा पिछड़ीः बुरहानपुर में महापौर प्रत्याशी भले ही भाजपा का आगे चल रहा हो, पार्षदों में कांग्रेस आगे निकल गई है। कांग्रेस के आठ प्रत्याशी आगे हैं, जबकि भाजपा का सिर्फ एक प्रत्याशी।

इंदौर, ग्वालियर, मंदसौर, खंडवा, बुरहानपुर और सतना में भाजपा के महापौर प्रत्याशी आगे निकल गए हैं। वहीं, छिंदवाड़ा में कांग्रेस के महापौर प्रत्याशी विक्रम आहाके डाक मतपत्रों की गिनती में भाजपा प्रत्याशी के मुकाबले 300 वोट आगे चल रहे हैं। वहीं, उज्जैन और जबलपुर में भी कांग्रेस उम्मीदवारों के आगे निकलने की खबरें आ रही हैं। 

मध्य प्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा के गृह जिले दतिया की बडौनी नगर पंचायत के  सभी 15 वार्डों में बीजेपी को जीत मिली।

खंडवा में अव्यवस्था को लेकर विवाद
खंडवा नगर निगम में मतगणना से पहले ही विवाद हो गया। एक कमरे में दस वार्डों की गणना की व्यवस्था की गई थी। इस पर कांग्रेस नेताओं ने आपत्ति दर्ज की। उन्होंने कहा कि न तो एजेंट्स के लिए बैठने की व्यवस्था है और न ही ्अधिकारियों की। उनकी मांग थी कि हर कमरे में सिर्फ पांच वार्डों की ही गणना की जाए। काफी देर हंगामा चला। इसके बाद ही डाक मतपत्रों की गणना शुरू हो सकी।

सतना में चार वार्डों- 9, 10, 11 और 12 के रुझान मिले हैं। इसमें भाजपा को बढ़त मिलती दिख रही है। चित्रकूट नगर पंचायत से भी शुरुआती नतीजे आ रहे हैं। वार्ड क्रमांक 10 से बीजेपी प्रत्याशी गंगोत्री त्रिपाठी ने कांग्रेस के राजमणि शर्मा को 156 वोट से हराया। वहीं वार्ड क्रमांक 2 से निर्दलीय प्रत्याशी गुलाब गुप्ता ने निर्दलीय अजय तिवारी को 21 वोटों से हराया। वार्ड क्रमांक 3 से निर्दलीय प्रत्याशी आशीष कुमार शर्मा ने बीजेपी प्रत्याशी नीरज शर्मा को 116 वोटों से हराया है। इसी तरह ओरछा में भी भाजपा को बढ़त मिलने की सूचना मिल रही है। 

No comments:

Post a Comment

Pages