Breaking

13 July 2022

श्रीलंका में राष्ट्रपति के देश छोड़ने के बाद फिर भड़के प्रदर्शनकारी

  कोलंबो. श्रीलंका इन दिनों एतिहासिक आर्थिक संकट से जूझ रहा है। यहां के राष्ट्रपति भवन पर जनता ने कब्जा जमा लिया है। इस बीच खबर है कि राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे आज सुबह कोलंबो से मालदीव भाग निकले हैं। वायुसेना के विशेष विमान से वह अपनी पत्नी व दो अंगरक्षकों के साथ मुल्क से फरार हो गए हैं। आज गोतबाया को राष्ट्रपति पद से इस्तीफा भी देना था। राष्ट्रपति के देश छोड़ने की खबरों से प्रदर्शनकारी फिर से भड़क गए हैं। हजारों की संख्या में प्रदर्शनकारियों ने संसद व प्रधानमंत्री कार्यालय की तरफ कूच कर दिया है। 


पीएम कार्यालय की तरफ बढ़े प्रदर्शनकारी

श्रीलंका में स्थिति और भी अराजक होती जा रही है। राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे के देश छोड़ने की खबर के बाद आम जनता में जबरदस्त गुस्सा है। जानकारी के मुताबिक, प्रदर्शनकारी अब श्रीलंकाई प्रधानमंत्री कार्यालय की ओर आगे बढ़ रहे हैं। इस बीच सेना ने मोर्चा संभाल लिया है। 

अब संसद की तरफ बढ़े प्रदर्शनकारी

राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे के देश छोड़ते ही श्रीलंका के हालात और खराब हो गए हैं। जानकारी के मुताबिक, अब प्रदर्शनकारी संसद की तरफ कूच कर रहे हैं। पुलिस प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए आंसू गैस का इस्तेमाल कर रही है। 

अब तक नहीं दिया इस्तीफा

राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे को आज इस्तीफा देना था। हालांकि, पहले ही वह मालदीव भाग गए हैं। ऐसे में में उनके इस्तीफे को लेकर संशय बरकरार है। उधर, श्रीलंका की संसद की ओर से जारी बयान में कहा गया है कि उन्हें अब तक राष्ट्रपति का इस्तीफा नहीं मिला है। उम्मीद है कि वह आज ही अपना इस्तीफा सौंप देंगे। 

राष्ट्रपति को गिरफ्तारी से है छूट 

दरअसल, श्रीलंका में पदस्थ राष्ट्रपति को गिरफ्तारी से छूट प्राप्त है। ऐसे में माना जा रहा है कि गोतबाया राजपक्षे इस्तीफा देने से पहले विदेश भागना चाहते थे। उन्हें डर था कि इस्तीफा देते ही गोतबाया को गिरफ्तार किया जा सकता है। बता दें, गोतबाया को आज अपना इस्तीफा देना था। 

गोतबाया के मालदीव भागने की वायु सेना ने की पुष्टि 

श्रीलंका की वायु सेना ने पुष्टि की है कि राष्ट्रपति गोतबाया राजपक्षे अपनी पत्नी के साथ मालदीव रवाना हो गया। बयान में कहा गया है कि, संविधान के प्रावधानों के तहत और सरकार के अनुरोध पर श्रीलंका की वायु सेना ने राष्ट्रपति, उनकी पत्नी और दो सुरक्षा अधिकारियों को मालदीव के लिए उड़ान भरने के लिए आज तड़के एक विमान उपलब्ध कराया।

No comments:

Post a Comment

Pages