Breaking

23 September 2022

नड्डा की जगह कौन बनेगा अध्यक्ष?

 


भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल अगले साल जनवरी में पूरा हो जाएगा। उससे पहले इस बात के कयास लगाए जा रहे हैं कि भाजपा का नया अध्यक्ष कौन होगा। जब अमित शाह भाजपा के अध्यक्ष थे और उनका कार्यकाल पूरा होने वाला था तब यह तय हो गया था कि उनकी जगह नड्डा बनेंगे क्योंकि 2019 में ही नड्डा को कार्यकारी अध्यक्ष बना दिया गया था। करीब एक साल वे कार्यकारी अध्यक्ष रहे और तब 2020 में उन्होंने पूर्णकालिक अध्यक्ष के तौर पर कामकाज संभाला। इस बार पार्टी की ओर से ऐसी कोई पहल नहीं की जा रही है। किसी को कार्यकारी अध्यक्ष नहीं बनाया गया था। तभी सस्पेंस बना हुआ है कि नड्डा की जगह कौन लेगा। हालांकि इस संभावना से भी इनकार नहीं किया जा रहा है कि नड्डा लगातार दूसरे कार्यकाल के लिए अध्यक्ष बन जाएं। अगर भाजपा हिमाचल प्रदेश में लगातार दूसरी बार जीतती है तो मुख्यमंत्री पद के लिए अनुराग ठाकुर के साथ नड्डा के नाम की चर्चा हो रही है।

पिछले दो बार से एक यह भी कॉमन चीज देखने को मिली कि जो उत्तर प्रदेश का प्रभारी होता है वह अध्यक्ष बनता है। राजनाथ सिंह के अध्यक्ष रहते अमित शाह उत्तर प्रदेश के प्रभारी थे और फिर अध्यक्ष बने। उनकी टीम में जेपी नड्डा उत्तर प्रदेश के प्रभारी बने और फिर वे अध्यक्ष बने। अभी राधामोहन सिंह उत्तर प्रदेश के प्रभारी हैं। तभी शायद यह परंपरा टूटे क्योंकि उनकी उम्र 73 साल हो गई है। अगर भाजपा में चल रही चर्चाओं को मानें तो धर्मेंद्र प्रधान और भूपेंद्र यादव सबसे प्रबल दावेदार हैं। दोनों को सरकार और संगठन का पूरा अनुभव हो चुका है और पार्टी के आला नेताओं का भरोसा भी इन दोनों पर है। लेकिन बड़ा सवाल यह है कि क्या आरएसएस इन दोनों के स्वीकार करेगा? वैसे भी भाजपा में ज्यादा चर्चा का मतलब नाम कट जाना होता है। उसी को पद मिलते हैं, जिसकी चर्चा नहीं होती है। सो, कोई चौंकाने वाला दक्षिण भारतीय नेता भी हो सकता है।

No comments:

Post a Comment

Pages