Breaking

18 January 2023

समर्पित कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही भाजपा बना सबसे बड़ा कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल


मुरैना। भारतीय जनता पार्टी के एक-एक समर्पित कार्यकर्ता ने कई-कई कार्यकर्ता तैयार किए हैं। एक योग्य कार्यकर्ता से उसका पद कभी नहीं छिनता। कार्यकर्ताओं के परिश्रम से ही भारतीय जनता पार्टी आज सबसे बड़ा कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल बन सका है। यह बात पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा, केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने मुरैना में पार्टी के जिला कार्यालय के भूमिपूजन के अवसर पर कही।
पार्टी कार्यालय के निर्माण से साकार हो रहा पूर्वजों का सपनाः नरेंद्रसिंह तोमर
जिला कार्यालय के भूमिपूजन कार्यक्रम के अवसर पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए केंद्रीय मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर ने कहा कि संगठन और सत्ता में बैठे लोग बदलते रहते हैं, लेकिन योग्य कार्यकर्ता हमेशा उचित स्थान पर रहकर सम्मान प्राप्त करता है। भारतीय जनता पार्टी में मंच और मंच के सामने बैठने वाला कार्यकर्ता समान है। श्री तोमर ने कहा कि भवन निर्माण की सभी औपचारिकताएं पूरी कर आगामी एक वर्ष में निर्माण पूर्ण करने का प्रयास करना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस कार्यालय के निर्माण से पंडित दीनदयाल उपाध्याय व डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी का सपना साकार होता दिख रहा है। वर्ष 1951 में पंडित दीनदयाल उपाध्याय तथा डा. श्यामाप्रसाद मुखर्जी ने जनसंघ की स्थापना कर एक विचार का सृजन किया था। उनकी आशा थी कि नेहरू के चिंतन के समाप्त होने के बाद हमारा विचार दुनिया को समाधान देने के लिये काम आयेगा। आज सम्पूर्ण विश्व भारत की ओर देख रहा है। अनेक देश भारत का सहारा लेने के लिये तैयार खड़े हैं। यह स्थिति हमारे पास प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जैसा मजबूत नेतृत्व, दृढ़ संकल्प व तकनीकी होने के कारण बनी है। आज भाजपा का विचार दुनिया को समाधान देने के लिये उपयोग किया जा रहा है। श्री तोमर ने कार्यकर्ताओं के नए कार्यालय भवन के भूमिपूजन पर बधाई दी।
कार्यकर्ताओं के सहयोग से बनेगा भव्य कार्यालय भवनः विष्णुदत्त शर्मा
इस अवसर पर पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं सांसद श्री विष्णुदत्त शर्मा ने सभी कार्यकर्ताओं से अपील की कि कार्यालय के निर्माण में प्रत्येक कार्यकर्ता अपना सहयोग प्रदान करेगा, जल्द ही भव्य व व्यवस्थित पार्टी कार्यालय खड़ा हो जायेगा। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश के 11 जिलों में कार्यालय का निर्माण होना है, इनमें से 6 जिलों में कार्यालय निर्माण का कार्य चालू है। श्री शर्मा ने कार्यकर्ताओं से कहा कि कुशाभाऊ ठाकरे जी ने कार्यकर्ताओं पर आधारित भाजपा की नीति व पद्धति को खड़ा किया है। इसी का परिणाम है कि केरल जैसे राज्य में जहां एक भी विधायक, सांसद, पार्षद तक नहीं है, इसके बाद भी प्रतिवर्ष भाजपा कार्यकर्ता 35 करोड़ तक की आजीवन सहयोग निधि एकत्रित करते हैं। कार्यकर्ताओं की मेहनत का ही परिणाम है कि लद्दाख जैसे दूरस्थ क्षेत्र में भव्य कार्यालय का निर्माण हुआ है। उन्हीं की मेहनत से भाजपा दुनिया का सबसे बड़ा कार्यकर्ता आधारित राजनीतिक दल बना है।
कार्यकर्ताओं की गतिविधियों का केंद्र बनेगा नया कार्यालयः हितानंद 
प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित दल है। भाजपा के 15-20 कार्यकर्ताओं ने आज एक-एक करोड़ कार्यकर्ता खड़े कर दिये हैं। यह कार्यालय चंबल संभाग कार्यकर्ताओं के कार्यकलाप तथा बूथ सशक्तीकरण जैसी गतिविधियों का केंद्र बनेगा, ऐसी अपेक्षा जिले के कार्यकर्ताओं से की जाती है। उन्होंने कहा कि जल्द ही बूथ सशक्तिकरण अभियान को फिर शुरू किया जायेगा।

 

No comments:

Post a Comment

Pages