Breaking

03 February 2023

रामभद्राचार्य का आशीर्वाद, फिर सीएम बनेंगे शिवराज

 भोपाल। मध्यप्रदेश में 2023 में विधानसभा चुनाव होने है। ऐसे में बीजेपी-कांग्रेस समेत सभी पार्टियां जोर आजमाइश में लग गई है। बीते दिनों एक पंचांग में मध्यप्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष कमलनाथ के सीएम बनने का दावा किया था। जिससे कांग्रेस बहुत खुश थी और अब जगतगुरु रामभद्राचार्य ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को फिर से सीएम बनने का आशीर्वाद दिया है, जो कांग्रेस के लिए चिंता का विषय बन गया है।

धार्मिक भविष्यवाणी पर सियासत

मध्य प्रदेश की सियासत में इन दिनों धार्मिक भविष्यवाणी और संत बाबाओं के आशीर्वाद सुर्ख़ियों में हैं। बागेश्वर धाम के पं धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री के गुरु और जगतगुरु रामभद्राचार्य ने शिवराज सिंह चौहान को फिर से मुख्यमंत्री बनने का आशीर्वाद दिया है. शिवराज सिंह चौहान भोपाल में चल रही रामभद्राचार्य की कथा सुनने पहुंचे थे। उसी दौरान रामभद्राचार्य ने उन्हें आशीर्वाद दिया।

धार्मिक आयोजन में राजनीति  जारी

भोपाल में आयोजन तो धार्मिक है लेकिन चर्चा राजनीति की हो रही है। यहां कथा बांचने रामभद्राचार्य आए हुए हैं। उनकी कथा सुनने शिवराज सिंह चौहान भी पहुंचे। धार्मिक प्रवचन देते देते जगतगुरु राजनीति की बात करने लगे। शिवराज को देख बोले-सीएम की कुर्सी दिलाने के लिए मैं पूरी तरह से तैयार हूं। इसके लिए मैंने पूरी रणनीति बना ली है। रामभद्राचार्य ने कहा उमा भारती ने भी मुझसे कहा है कि शिवराज सिंह चौहान को आशीर्वाद दें कि वह फिर मुख्यमंत्री बनें तो रामभद्राचार्य ने कहा कि आशीर्वाद तो है ही।


सीएम ने मांगा आशीर्वाद

जबलपुर का एक पंचांग हाल ही में चर्चा में आ गया था। उसमें कांग्रेस के पहले से मजबूत होने और कमलनाथ के अच्छे दिन आने की भविष्यवाणी थी। कांग्रेस इससे गदगद थी, लेकिन अब कथा वाचक रामभद्राचार्य के शिवराज को दिए गए आशीर्वाद से कांग्रेस टेंशन में आ गयी है। कांग्रेस मीडिया विभाग के अध्यक्ष केके मिश्रा ने कहा संतों को राजनीति की बात नहीं करना चाहिए।

पंचांग में कांग्रेस मजबूत

इससे पहले एक पंचांग में इस साल प्रदेश कांग्रेस को पहले से ज्यादा मजबूत बताने और इसका असर चुनाव पर दिखने की भविष्यवाणी चर्चा में थी। पंचाग में हिमाचल प्रदेश में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सरकार बनने की भविष्यवाणी की गई थी। जो सच साबित हुई और अब पंचांग में प्रदेश कांग्रेस के चुनाव में ज्यादा प्रभावी होने की भविष्यवाणी की गई है। लेकिन अब मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को कुर्सी पर बने रहने के आशीर्वाद को लेकर चर्चा फिर तेज हो गई है। प्रदेश की सत्ता में बदलाव और शिवराज के कुर्सी से हटने की चर्चाएं कई बार आयीं लेकिन शिवराज सिंह चौहान मुख्यमंत्री पद पर बने हुए हैं। मतलब साफ है कि 2023 का विधानसभा चुनाव सीएम शिवराज के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा, लेकिन संतों का आशीर्वाद शिवराज के लिए कितना असरदार होता है यह चुनावी नतीजों के बाद पता चलेगा। फिलहाल प्रदेश की सियासत में धार्मिक पंचांग और साधु-संतों का आशीर्वाद चर्चा में जरूर है।


No comments:

Post a Comment

Pages