Breaking

04 April 2023

: सीएम शिवराज सिंह चौहान ने खंडवा में लाड़ली बहनों से किया संवाद, गाया-फूलों का तारों का....


 खंडवा (नगर प्रतिनिधि)। मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान खंडवा पहुंचे, यहां महापौर अमृता अमर यादव ने उनका स्वागत किया। सीएम को दादाजी महाराज के मंदिर की प्रतिकृति भेंट की।नागचुन हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल रतनगढ़ जाने के दौरान मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने नगर निगम से केवल राम चौराहे तक करीब एक किलोमीटर का रोड शो दोपहर में आयोजित कर लोगों का आभार माना।

इस दौरान विभिन्न स्वागत मंचों से मुख्यमंत्री पर पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। आयोजन स्थल पर मंच से दर्शक दीर्घा तक करीब डेढ़ सौ फीट का रैंप तैयार किया गया । इस रैंप पर टहलते हुए मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों से संवाद किया। मुख्यमंत्री ने मंच से जिले में 140 करोड़ के निर्माण कार्यों का लोकार्पण और भूमिपूजन भी किया।

उन्‍होंने कहा कि मैंने दारू के अहाते बंद कर दिए। मैंने बहनों की जिन्दगी बनाने में कोई कमी नहीं छोड़ी। भैया का साथ दोगी या नहीं। सब मिलकर अपने गांव में लाडली बहना सेना का ग्रुप बनाओ।


मुख्यमंत्री ने गाया,
एक हजारों में मेरी बहना है

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंच से महिलाओं से रैम्प पर टहलते हुए संवाद किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मंच से गाया फूलों का तारों का सबका कहना है, एक हजारों में मेरी बहना है, सारी उम्र हमें संग रहना है। इस दौरान मुख्यमंत्री के साथ महिलाओं ने भी गीत गुनगुनाया। उन्‍होंने करीब आधे घण्टे तक संवाद किया।

मुख्यमंत्री ने बहनों को संकल्प दिलाया कि वो अपने भाइयों का साथ देंगी। भाजपा का साथ देंगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बहनों के खाते में रुपये आएंगे तो सास भी उन्हें रोटी पर ज्यादा घी लगाकर देंगी। घर में अगर आर्थिक स्थिति ठीक नहीं होगी तो बहनें मदद कर सकेंगी।

सभा स्थल से विधायक देवेंद्र वर्मा ने भी संबोधित करते हुए जिले को मुख्यमंत्री द्वारा दी गई सौगातों पर धन्यवाद दिया। मुख्यमंत्री को मंच से बहनों की पाती भी भेंट की गई। जो करीब 20 फीट के कागज पर अलग-अलग चिपकी हुई थी। मुख्यमंत्री ने आदिवासी गीत पर कलाकारों के साथ नृत्य भी किया। मंच पर वनमंत्री विजय शाह, विधायक राम दांगोरे, नारायण पटेल, जिला पंचायत अध्यक्ष कंचन तन्वे, महापौर अमृता यादव सहित भाजपा पदाधिकारी उपस्थित रहे।


No comments:

Post a Comment

Pages