Breaking

27 April 2023

हमने बूथों को डिजिटल बनाया, अब बूथ विजय संकल्प अभियान में भी प्रदेश को शीर्ष पर लाना है


  भोपाल। स्व कुशाभाऊ ठाकरे जी के समय से मध्यप्रदेश का पार्टी संगठन सर्वश्रेष्ठ रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत से बूथ सशक्तीकरण अभियान में प्रदेश को अच्छी सफलता मिली है। बूथों के डिजिटाइजेशन में मध्यप्रदेश शीर्ष पर रहा है। बूथों को पूरी तरह सक्रिय और जीवंत बनाने के लिए पार्टी द्वारा प्रदेश में 4 मई से बूथ विजय संकल्प अभियान आयोजित किया जा रहा है। 14 मई तक चलने वाले इस अभियान के दौरान अनेक कार्यक्रम होंगे। पार्टी कार्यकर्ता बूथ सशक्तीकरण अभियान की तरह ही इस अभियान में भी प्रदेश को शीर्ष स्थान पर लाने के लिए जुट जाएं। यह बात भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव, प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा एवं प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने बूथ विजय संकल्प अभियान की प्रदेश स्तरीय बैठक को संबोधित करते हुए कही। बैठक में सभी जिलों के जिला अध्यक्ष, जिला प्रभारी, बूथ सशक्तीकरण अभियान प्रभारी, प्रदेश पदाधिकारी एवं विभिन्न मोर्चों के अध्यक्ष शामिल हुए। 

बूथ तक प्रवाहित हो पार्टी की विचारधारा, यही उसकी सक्रियता की कसौटीः मुरलीधर राव

बैठक को संबोधित करते हुए पार्टी के प्रदेश प्रभारी श्री मुरलीधर राव ने कहा कि हर तरह की चुनौतियों के बीच प्रदेश के कार्यकर्ताओं ने बूथों के डिजिटाइजेशन का जो काम करके दिखाया, जो सफलता अर्जित की है, उसके लिए सभी बधाई के पात्र हैं। श्री राव ने कहा कि बूथ हमारे संगठन की महत्वपूर्ण इकाई है, लेकिन वह सिर्फ वोट हासिल करने के लिए नहीं है। बूथों का स्वरूप जल्द ही बदलने वाला है। श्री राव ने कहा कि बूथों की सक्रियता की कसौटी यह है कि वहां तक पार्टी की विचारधारा प्रवाहित होनी चाहिए। अगर बूथ पूरी तरह सक्रिय हैं, तो पूरे प्रदेश में पार्टी की विचारधारा के अनुरूप सामाजिक परिवर्तन दिखाई देना चाहिए। हर बूथ के आसपास का इलाका स्वच्छ और हरा-भरा होना चाहिए तथा वहां सामाजिक समरसता दिखाई देना चाहिए। 4 से 14 मई तक चलने वाले बूथ विजय संकल्प अभियान का उद्देश्य बूथों को ऐसा ही बनाना है। उन्होंने कहा कि 10 दिन के इस अभियान का लक्ष्य यही है कि हर बूथ पर आगामी कार्यक्रमों का कैलेंडर बने, कार्यकर्ताओं में पार्टी के लक्ष्य और केंद्र व राज्य सरकार की योजनाओं की स्पष्ट समझ हो, कार्यकर्ताओं में टीम भावना व आत्मविश्वास का विकास हो तथा बूथ स्तर पर 51 प्रतिशत वोट शेयर हासिल करने की रूपरेखा स्पष्ट हो। इसी को ध्यान में रखते हुए कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई गई है। श्री राव ने कहा कि इस अभियान के अंतर्गत 10 बूथों पर एक क्लसटर का गठन किया जाएगा और क्लस्टर के सभी कार्यकर्ता अभियान के दौरान आयोजित कार्यक्रम में भाग लेंगे। उन्होंने कहा कि प्रत्येक 15 दिनों में जिलों में कोर की बैठक अनिवार्य रूप से हो और जिला पदाधिकारी प्रवास पर अधिक से अधिक जोर दें, जो हमारी पार्टी का आधार है। इसके साथ ही पार्टी कार्यकर्ता व पदाधिकारी सोशल मीडिया पर अपनी सक्रियता बढ़ाएं। श्री राव ने कहा कि इस अभियान की दृष्टि से जिला, मंडल, विधानसभा और क्लस्टर स्तर की टोलियों के गठन का काम जल्द से जल्द पूरा कर लिया जाए। श्री राव ने जानकारी दी कि जिस तरह से प्रदेश स्तर पर न्यू ज्वाइनिंग कमेटी का गठन हुआ है, उसी तरह की कमेटियां मंडल स्तर पर भी गठित की जाएंगी। उन्होंने जन आकांक्षा अभियान की चर्चा करते हुए कहा कि प्रत्येक बूथ पर एन्फलुएंसर्स की सूचियां तैयार की जाएं। 

कार्यकर्ता भाव की ताकत से गुजरात जीता, इसी से मध्यप्रदेश में इतिहास बनाएंगेः विष्णुदत्त शर्मा

प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि हमारे प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी दुनिया के सबसे लोकप्रिय नेता हैं और गुजरात से लेकर कर्नाटक तक उनका ही जादू चल रहा है। प्रधानमंत्री जी कहते हैं कि हमने 2019 का चुनाव गरीब कल्याण की योजनाओं के दम पर जीता था और आने वाले चुनाव हम अपने कार्यकर्ताओं की मेहनत और ताकत के बल पर जीतेंगे। प्रधानमंत्री जी ने गुजरात की प्रचंड जीत का श्रेय वहां के कार्यकर्ताओं और 80 लाख पन्ना समितियों को दिया। गुजरात चुनाव से जुड़े लोग बताते हैं कि पन्ना समितियों का सदस्य बनने से कार्यकर्ताओं को अपनी जिम्मेदारी का बोध हुआ और कार्यकर्ता का यही भाव हमारी ताकत है। हमें इसी ताकत को जागृत करने की आवश्यकता है। इसी ताकत से हमने गुजरात में जीत हासिल की है और इसी से पार्टी मध्यप्रदेश में भी इतिहास बनाएगी। श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि पन्ना समितियों और पन्ना प्रमुख को नए लोगों को पार्टी से जोड़ने की जिम्मेदारियां और काम दिये जाएं, साथ ही प्रत्येक कार्यकर्ता तीन नए वोट पार्टी को दिलाने का संकल्प ले। हमारे नेतृत्व पर जनता का अथाह विश्वास है, बस हमें उन लोगों तक पहुंचकर उन्हें पार्टी से जोड़ना है। इस तरह हम वो एक करोड़ वोट भी हासिल कर पाएंगे, जो हमें पहले नहीं मिले थे। उन्होंने कहा कि प्रवास, संपर्क और संबंध हमारी कार्यप्रणाली के अंग हैं। इसलिए अधिक से अधिक प्रवास करें। योजना बनाकर काम करें और अपने सहयोगियों में काम का विभाजन करें। प्रदेश अध्यक्ष श्री विष्णुदत्त शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी की सरकार 9 वर्ष का कार्यकाल पूरा करने जा रही है। इस अवसर पर 15 मई से 15 जून तक प्रत्येक स्तर पर कार्यक्रमों की रूपरेखा बनाई गई है। इन कार्यक्रमों में पार्टी कार्यकर्ताओं की भूमिका भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। 

शेष काम जल्द पूरा करें, बूथ विजय संकल्प में जुट जाएं कार्यकर्ताः हितानंद 

बैठक को संबोधित करते हुए प्रदेश संगठन महामंत्री श्री हितानंद जी ने बूथ विस्तारक अभियान-2 की समीक्षा की और इसमें अच्छे प्रदर्शन के लिए पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई दी। उन्होंने कहा कि इस अभियान के शेष काम जल्द से जल्द पूरे किए जाएं और पार्टी कार्यकर्ता 4 से 14 मई तक चलने वाले बूथ विजय संकल्प अभियान की तैयारियों में जुट जाएं। उन्होंने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए कहा कि इस अभियान की पहली बैठक आज हो रही है और ऐसी ही बैठकें जिला और मंडल स्तर पर भी आयोजित की जाएंगी। आगामी कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए श्री हितानंद जी ने कहा कि ‘मन की बात’ कार्यक्रम को संगठन एप पर अपलोड करने में भी मध्यप्रदेश देश में शीर्ष स्थान पर रहा है और हमें इसमें 100 प्रतिशत का लक्ष्य हासिल करना है। आगामी 30 अप्रैल को प्रधानमंत्री जी के इस कार्यक्रम का 100 वां एपिसोड प्रसारित किया जाएगा। इसके उपलक्ष्य में पार्टी ने वृहद कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार की है। इन कार्यक्रमों के संबंध में जिला स्तर पर भी पत्रकारवार्ताएं आयोजित की जाएं। इसके साथ ही प्रत्येक विधानसभा में 100 स्थानों पर तथा प्रत्येक तीन में से एक बूथ पर इस अवसर पर कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, जिनमें जीवन के विभिन्न क्षेत्रों में कार्यरत विशिष्ट जनों समेत 100 व्यक्तियों की उपस्थित हो। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम के आयोजन में भी हमें प्रथम स्थान हासिल करना है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार का 9 वर्ष का कार्यकाल पूरा होने पर 15 मई से 15 जून तक एक महीने का विशेष कार्यक्रम चलाया जाएगा। प्रदेश संगठन महामंत्री ने मंडल स्तर पर कार्यकर्ताओं में संवाद की आवश्यकता पर जोर देते हुए कहा कि जिले में कोर ग्रुप की बैठक प्रत्येक 15 दिनों में आयोजित की जाना चाहिए तथा बैठक का कार्यक्रम कम से कम 24 घंटे का होना चाहिए। 


No comments:

Post a Comment

Pages