Breaking

07 July 2023

खाद्य एवं औषधि प्रशासन के निरीक्षक के ठिकानों पर छापा, 600 गुना अधिक संपत्ति मिली!


 भोपाल। मध्यप्रदेश के जबलपुर से हाल ही में एक बड़ी खबर सामने आई है। आर्थिक अन्वेषण ब्यूरो ने शुक्रवार सुबह खाद्य एवं औषधि विभाग के अधिकारी अमरीश दुबे के जबलपुर, सागर एवं नरसिंहपुर स्थित घर में एक साथ छापेमारी की है। अमरीश दुबे लंबे समय तक जबलपुर में पदस्थ रहे हैं, फिलहाल सागर में पोस्टेड हैं। दरअसल, आय से अधिक संपत्ति होने की खबर पर ईओडब्ल्यू ने रेड मारी है। छापेमारी के दौरान विभाग की टीम को आय से 600 गुना अधिक संपत्ति मिलने की सूचना है। अभी टीम दस्तावेज़ों को खंगाल रही है। कार्रवाई सुबह से ही जारी है।

जानकारी के मुताबिक, खाद्य एवं औषधि अधिकारी अमरीश दूबे के पास जबलपुर में 90 लाख का आलीशान ट्रिप्लेक्स है। इतना ही नहीं, जांच के दौरान उनके शुगर मिल में 90 लाख के इन्वेस्टमेंट के दस्तावेज़ प्राप्त हुए हैं। शताब्दीपुरम में 2400 स्क्वायरफीट का 65 लाख क़ीमत का प्लाट मिला है। इसके साथ ही टीम को नरसिंहपुर में दो प्लॉट, एक बैंक लॉकर की जानकारी भी मिली। निरीक्षक अमरीश दुबे के जबलपुर, सागर, नरसिंहपुर शहर और ग्रामीण इलाकों में कई संपत्तियां होने का खुलासा हुआ है। वहीं निरीक्षक के घर पर आलीशान सुख-सुविधाओं का साज़ो-सामान भी मिला है। गौरतलब है कि खाद्य एवं औषधि अधिकारी अमरीश दूबे की 2008 में नियुक्ति हुई थी। उसके बाद 2011 में खाद्य सुरक्षा अधिकारी की ज़िम्मेदारी उन्हें मिली थी।


No comments:

Post a Comment

Pages