Breaking

10 August 2023

महिला कांग्रेस ने दिया धरना, राज्यपाल को सौंपा ज्ञापन


 भोपाल। मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस अध्यक्ष श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि लगातार सामूहिक दुष्कर्म की घटनाओं से मध्य प्रदेश शर्मसार हुआ है। लेकिन ​भाजपा की शिवराज सिंह चौहान सरकार को लज्जा नहीं आती। गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा लाड़ली बहनों और मासूम बच्चियों की सुरक्षा के लिए जरुरी कदम उठाने के बदले घटिया राजनी​ति कर रहे हैं। यह दुर्भाग्यपूर्ण है। शर्मनाक है। उन्हें पद पर बने रहने का नैतिक अधिकार नहीं है। हमारी मांग है कि राज्यपाल उन्हें तुरंत पद से बर्खास्त करें। घोषणावीर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह सरकार के राज में आज लाड़ली बहनें, मासूम बच्चियों समेत तमाम महिलाएं खुद को असुरक्षित समझ रही है। सार्वजनिक स्थानों पर जाने से कतराती है। ये सभ्य समाज के विरुद्ध है। 

वे गुरुवार को भोपाल में रोशनपुरा पर आयोजित मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस के धरने में बोल रही थीं। इस धरने में पूर्व मंत्री एवं विधायक पीसी शर्मा, जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोनू सक्सेना, संगठन मंत्री जहीर अहमद समेत बड़ी संख्या में महिलाएं और कांग्रेस नेता मौजूद रहे। बाद में एक राज्यपाल के नाम संबोधित एक ज्ञापन सौंपा गया। 

श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि रीवा जिले के हनुमना थाना क्षेत्र में दो आदिवासी बालिकाओं के साथ सामूहिक दुष्कर्म की घटना सुशासन के नाम पर एक तमाचा है। इसके पहले सतना के मैहर में हुई दुष्कर्म की घटना से भी शिवराज सरकार ने कोई सबक नहीं लिया। सिर्फ इतना ही नहीं, आदिवासी बाहुल्य बैतूल जिले के घोड़ाडोगरी ब्लॉक के सरकारी स्कूल में रेप होने की खबर झकझोर देने वाली है। आरोपी कोई और नही खुद स्कूल के शिक्षक नाबालिग बच्चियों के साथ बलात्कार कर रहे हैं। ये अमानवीय तथा घृणित हरकत बेहद शर्मनाक है। ये घटनाएं महज इक्का-दुक्का नहीं हैं, ऐसी घटनाएं प्रदेश में रोजाना किसी न किसी जिले में घट रही हैं। ये घटनाएं शिवराज सिंह चौहान सरकार के राज में कानून व्यवस्था की कलई खोलती है। इन घटनाओं से इंसानियत शर्मसार हो रही है। 

श्रीमती विभा पटेल ने कहा कि विशेषकर रीवा जिले में सामूहिक दुष्कर्म मामले से भाजपा सरकार का आदिवासियों और अनुसूचित जातियों के प्रति नफरत का घिनौना चेहरा भी उजागर हुआ है। भाजपा राज में आदिवासी हितों पर केवल कोरे दावे और कोरी बातें हैं। आदिवासियों पर अत्याचार रोकने के असल कदम क्यों नहीं उठाती भाजपा सरकार? निर्लज गृह मंत्री को शर्म भी नहीं आ रही।महिलाओं के हक और बिगड़ती कानून व्यवस्था, बेलगाम महंगाई, बढ़ती बेरोजगारी को लेकर मध्य प्रदेश महिला कांग्रेस का आंदोलन निरंतर जारी रहेगा। 

अब प्रदेश की महिलाएं जागरूक हो चुकी हैं। प्रदेश के घोषणावीर मुख्यमंत्री के बहकावे में नहीं आएगी। कांग्रेस के कमलनाथजी के नेतृत्व में सरकार बनाएगी। कमलनाथजी के नेतृत्व में सरकार बनने पर नारी सम्मान को आहत पहुंचाने वालों के खिलाफ विधि अनुसार कार्यवाही भी होगी।

धरने में प्रदेश महामंत्री श्रीमती राज लक्ष्मी नायक, सुश्री शीतल मालवीय, शाहाना खान, प्रदेश सचिव सुश्री नेहा जैमिनी, श्रीमती श्वेता पटेरिया, फरजाना खान, यशोदा पांडे,लता देवरे आदि विशेष रूप से मौजूद रही।

No comments:

Post a Comment

Pages