Breaking

19 September 2023

प्रदेश की जनता के जीवन में खुशहाली लाना सरकार का उद्देश्यः शिवराज सिंह चौहान


  शमशाबाद। मध्य प्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने गरीब कल्याण को लेकर एक नहीं अनेकों योजनाएं चलाई हैं। इन योजनाओं के माध्यम से मध्यप्रदेश के विकास की पटकथा लिखी जा रही है। मध्य प्रदेश को सशक्त एवं शक्तिशाली प्रदेश बनाना हमारा उद्देश्य है। लाड़ली बहना योजना नहीं बहनों का मान और सम्मान है। योजना के माध्यम से बहनों को उनका हक और अधिकार दिया है। बहनों को आत्मनिर्भर बनाना हमारा उद्देश्य है। आपकी जिंदगी में खुशहाली लानी मेरी जिंदगी का मकसद है। यह बात मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को ग्वालियर-चंबल संभाग की जन आशीर्वाद यात्रा के विदिशा जिले के शमशाबाद पहुंचने पर आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कही। इससे पूर्व मुख्यमंत्री श्री चौहान एवं असम के मुख्यमंत्री श्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने शहर में रोड शो कर पार्टी के लिए जनसमर्थन मांगा। रोड शो का जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ। 

कांग्रेस के शासनकाल में विदिशा जिले की हुई उपेक्षा

मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जन आशीर्वाद यात्रा तो एक बहाना था, मुझे तो आपसे मिलना आना था। आज आपने असम के मुख्यमंत्री हिमंता जी का जो अभूतपूर्व स्वागत किया है उसके लिए में आभार व्यक्त करता हूं। असम के विकास के मसीहा मुख्यमंत्री श्री हिमंता बिस्वा शर्मा देश में बहुत बड़ा काम कर रहे हैं। उन्होंने असम की तस्वीर बदल दी है और वहां की जनता की तकदीर भी बदली है। उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी में आपने जो विश्वास किया है उसके लिए भले ही मेरी जान चली जाए आपके विश्वास को कभी टूटने नहीं दूंगा। जितने विकास के काम भाजपा की सरकार ने किए हैं उतने कभी कांग्रेस के शासनकाल में नहीं हुए हैं। कांग्रेस सरकार के समय विदिशा जिले की हमेशा उपेक्षा की गई। आज क्षेत्र में पांच-पांच बांधों का निर्माण कराया गया है। विदिशा की जनता को केन-बेतवा का पानी भी लाकर दूंगा। मुख्यमं़त्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि बरसात से यदि किसी की फसल खराब हुई तो सर्वे कराकर राशि दूंगा। संकट आया है तो उसके पार भी लेकर जाउंगा। हम सरकार नहीं परिवार चलाते हैं। मध्यप्रदेश की साढ़े नौ करोड़ की जनता हमारा परिवार है। मध्य प्रदेश में रहने वाली जनता मेरी भगवान और मैं उसका सेवक हूं। हम मध्यप्रदेश को संपन्न और समृद्व राज्य का निर्माण कर रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन में आज हम चांद के ऐसे हिस्से पर पहुंच गए हैं, जहां कोई देश नहीं पहुंच पाया है। जी-20 सम्मेलन में भारत का दुनियाभर में मान बढ़ा है। एक नहीं अनेकों योजनाए हैं, जो विकास की पटकथा लिख रही हैं। 

मध्य प्रदेश की लाड़ली बहना योजना को असम में भी किया जाएगा लागूः हिमंता बिस्वा शर्मा

असम के मुख्यमंत्री श्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने कहा कि मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में मध्य प्रदेश का चहुंमुखी विकास हुआ है। 2003 से पहले जहां प्रदेश में सड़कें नहीं थी, गड्ढों पर गड्ढे थे। आज चमचमाती सड़कें हैं। बिजली पर्याप्त मात्रा में है। लाडली बहना योजना से हमारी बहनों को सम्मान मिला है। आज अन्य प्रदेशों की महिलाएं भी पूछती हैं कि हमारे लिए लाडली बहना जैसी योजना कब शुरू की जाएगी? विपक्षी दलों ने कांग्रेस के नेतृत्व में इंडिया अलायंस बनाया है। बंद कमरे में बैठकर अपने गठबंधन का नाम इंडिया रखने से कोई इंडिया नहीं बन जाता। डूबलिकेट नाम रखने से कोई ओरिजनल इण्डिया नहीं बन जाता, यदि कोई व्यक्ति अपना नाम महात्मा गांधी रख ले, तो क्या वो महात्मा गांधी बन जाएगा? उन्होंने कहा कि मैं तो कहता हूं अरे कांग्रेसियों अगर आप इतना ही सनातन को मानते हैं तो आप भी आशीर्वाद यात्राएं निकालिए, आप क्यों जन आक्रोश यात्रा निकाल रहे हैं। कांग्रेस ऐसा इसलिए करने के लिए मजबूर हैं, क्योंकि  कांग्रेस ने कोई ऐसा काम नहीं किया है जिससे जनता उन्हें आशीर्वाद दे। कांग्रेस किस मुंह से जनता के पास जाएगी, इसी से परेशान होकर कांग्रेस जनाक्रोश यात्रा निकालने को मजबूर हुई है। इस तरह के ढोंग करने से कुछ होने वाला नहीं है, क्योंकि देश और प्रदेश की जनता कांग्रेस के काले कारनामों को भलीभांति जानती है। एक तरफ तो कांग्रेस नेता मंदिरों में जाकर हनुमान चालीसा और रामचरित मानस का पाठ करने का ढोंग करते हैं दूसरी तरफ घमंडिया गठबंधन के लोग हिंदुओं, हिंदू धर्म और भगवान श्रीराम के अस्तितव पर सवाल उठाते हैं। लेकिन आपके गाली देने से ना तो हिंदू धर्म खत्म हुआ है ना खत्म होगा, ना उसके अस्तित्व पर कोई फर्क पड़ता है और न ही आगे पड़ेगा, क्योंकि सनातन हजारों वर्षों से अस्तित्व में है। आप जितना सनातनियों को गाली दोगे, हिंदू धर्म के खिलाफ जहर उगलोगे उतना ही भाजपा को जन आशीर्वाद मिलेगा और यह आशीर्वाद वोट के रूप में मिलेगा। एक बार फिर से देश और प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की नीतियों के चलते भाजपा सरकार ही राज करेगी। 


No comments:

Post a Comment

Pages