Breaking

30 October 2023

CM शिवराज की संपत्ति 5 साल में 5 लाख घटी:पत्नी साधना की 89 लाख बढ़ी


इंदौर।सीएम शिवराज सिंह और भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय ने सोमवार को अपने नामांकन दाखिल किए।

मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान की संपत्ति 5 साल में 5 लाख रुपए घट गई। उनकी पत्नी साधना सिंह की संपत्ति 89 लाख रुपए बढ़ गई है। दोनों की संपत्ति मिलाकर देखें तो इस अवधि में उनकी कुल संपत्ति में 84 लाख रुपए का इजाफा हुआ है। वहीं बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की संपत्ति 10 साल में 7 गुना बढ़ गई। विजयवर्गीय ने अपनी और पत्नी के पास 14 करोड़ रुपए की कुल प्रॉपर्टी बताई है।



मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को बुधनी विधानसभा सीट के लिए अपना नामांकन दाखिल कर दिया। वहीं इंदौर-1 विधानसभा सीट से कैलाश विजयवर्गीय ने भी नामांकन के आखिरी दिन दोपहर 2.51 बजे के मुहूर्त में पर्चा दाखिल किया। जब वे रिटर्निंग अफसर के हॉल में पहुंचे तब केवल फॉर्म भरने के लिए केवल 9 मिनट बचे थे।




ये है सीएम शिवराज सिंह की संपत्ति का ब्यौरा



2018 में शिवराज-साधना की कुल आमदनी 7.78 करोड़ रुपए, अब 8.62 करोड़

साल 2018 में सीएम शिवराज ने संपत्ति का जो ब्योरा दिया था, उसके मुताबिक उनकी और पत्नी की कुल आमदनी 7.78 करोड़ रुपए थी। 2023 के चुनाव के दौरान पेश किए गए शपथ पत्र में दोनों की मिलाकर आमदनी 8.62 करोड़ रुपए बताई गई है।


इस अंतराल में सीएम शिवराज की पत्नी साधना सिंह की आमदनी बढ़ी है, जबकि शिवराज की घटी है। सीएम शिवराज की आमदनी वर्ष 2018 मे 3.26 करोड़ थी, 2023 के शपथ पत्र में दिए ब्यौरे में 3.21 करोड़ बताई गई है।


इसी तरह साधना सिंह के पास पहले 4.52 करोड़ की चल-अचल संपत्ति थी, जो 89 लाख रुपए बढ़कर 5.41 करोड़ रुपए हो गई है। इस बीच यह बात भी सामने आई है कि पिछले चुनाव के समय शिवराज ने बेटे कुणाल की पढ़ाई के लिए 27 लाख का एजुकेशन लोन लिया था जो इस बार के विवरण में शामिल नहीं है।



पिता की संपत्ति बढ़ी, कुल आमदनी घटी


पिछले चुनाव के समय सीएम शिवराज ने अपनी पैतृक संपत्ति का उल्लेख संपत्ति ब्यौरे में नहीं किया था। तब उनके नाम पर कुल संपत्ति 3.26 करोड़ बताई गई थी। इस बार शिवराज ने 4 एकड़ से अधिक की पिता की संपत्ति में 6वें हिस्से का उल्लेख किया है, लेकिन उनकी कुल संपत्ति का ब्यौरा 3.21 करोड़ ही है।


बैंकों में जमा राशि बढ़ी

शपथ पत्र में दिए ब्यौरे में शिवराज के बैंक खाते में जमा कुल राशि 92.79 लाख बताई है। जबकि साधना सिंह के बैंक खाते में 71.87 लाख रुपए जमा हैं। पांच साल पहले दी गई जानकारी में शिवराज के खाते में 20.26 लाख और साधना सिंह के खाते में 11.20 लाख रुपए बताए गए थे। शिवराज के पास 2018 में और 2023 में खुद के नाम पर कोई वाहन नहीं है। जबकि पत्नी साधना सिंह के पास 2018 में बताई गई एंबेसडर कार की जानकारी इस बार भी ब्यौरे में दी गई है।



अब बात बीजेपी महासचिव कैलाश विजयवर्गीय की संपत्ति की


विजयवर्गीय ने नामांकन फॉर्म के साथ जमा किए शपथ पत्र में अपनी और पत्नी के पास मिलाकर 14 करोड़ रुपए की कुल प्रॉपर्टी बताई है। 2013 से उनकी संपत्ति सात गुना बढ़ गई है।



पत्नी के नाम से 10 करोड़ रु. का प्लाट, विजयवर्गीय के नाम पर 48 साल पुराना प्लाट


विजयवर्गीय ने पत्नी आशा के नाम से 10 करोड़ रु. का प्लाट होना बताया है। यह पांच साल पहले 1.33 करोड़ रु. में खरीदा गया था। इस हिसाब से प्लॉट का रेट 6 हजार रु. वर्गफीट है। विजयवर्गीय के पास 48 साल पुराना एक प्लाट है। उक्त 1500 वर्ग फीट का प्लाट उन्होंने 5 हजार रु. में खरीदा था जिस पर निर्माण किया गया था।


इसके अलावा नंदा नगर में ही 2 हजार वर्ग फीट का पुश्तैनी भवन भी है जिसकी कीमत 2.33 करोड़ रु. है। इसमें से आधी प्रॉपर्टी विजयवर्गीय की है। इस हिसाब से उनकी प्रॉपर्टी पत्नी की तुलना में 25% ही है। विजयवर्गीय ने खुद की आय का जरिया पेंशन, ब्याज और किराया बताया है। इसी तरह पत्नी की आय का जरिया वेतन, ब्याज व व्यवसाय बताया है।


इंदौर-2 के प्रत्याशी रमेश मेंदोला ने खुद के पास 2.14 करोड़ रुपए की संपत्ति बताई है


मेंदोला के पास नकदी 36 हजार रु., 29 लाख रु. का लोन


ऐसे ही मेंदोला ने 2013 में जब चुनाव लड़ा तो तब उनकी संपत्ति 1.60 करोड़ रु. थी। यह बढ़कर अब 2.14 करोड़ रु. हो गई है। मेंदोला ने 36 हजार रु. कैश बताए हैं। 29 लाख रु. का लोन बताया है। उनके पास दो गाड़ियां हैं, जिनकी कीमत 7.50 लाख रु. है।


तीन केस, लोकायुक्त का केस सुप्रीम कोर्ट में


मेंदोला पर कुल तीन केस दर्ज हैं। इनमें से एक लोकायुक्त ने 2010 में उनके सहित अन्य के खिलाफ दर्ज किया गया था। इसमें 7 अप्रैल 2017 को हाई कोर्ट ने उन्हें दोषमुक्त कर दिया गया था। इसके खिलाफ सरकार सुप्रीम कोर्ट में अपील की जो अभी विचाराधीन है।

No comments:

Post a Comment

Pages