Breaking

04 November 2023

कांग्रेस मतलब राज्य में हजारों करोड़ के घोटाले, अपराधियों का बोलबाला


रतलाम । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रतलाम में चुनावी सभा को संबोधित किया। उन्होंने कांग्रेस नेताओं- कमलनाथ और दिग्विजय सिंह का नाम लिए बिना निशाना साधा। उन्होंने कहा कि इनकी कपड़ा फाड़ लड़ाई बेटों के भविष्य को सुनिश्चित करने के लिए है। 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मध्य प्रदेश कांग्रेस के दो बड़े नेताओं कमलनाथ और दिग्विजय सिंह के बीच चल रहे मनमुटाव पर तंज कसा। उन्होंने रतलाम की सभा में कहा कि यहां कांग्रेस के दो नेताओं के बीच कपड़े फाड़ने की कम्पीटिशन चल रही है। अभी तो यह फिल्म का ट्रेलर है। तीन दिसंबर को भाजपा की जीत के बाद यहां कांग्रेस की असली पिक्चर दिखेगी। कांग्रेस की असली सिर फुटव्वल होगी। अभी तो प्रैक्टिस चल रही है। यह दोनों कपड़ा फाड़ नेता तो अपने-अपने बेटों के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। लड़ाई इस बात की है कि किसका बेटा मध्य प्रदेश कांग्रेस पर कब्जा करेगा।

मोदी का निशाना कमलनाथ और दिग्विजय सिंह पर था। पिछले दिनों दोनों के बीच मनमुटाव की खबरें आई थी। एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें कमलनाथ ने टिकट कटने पर असंतुष्टों से कहा था कि जाकर दिग्विजय सिंह के कपड़े फाड़ो। जयवर्धन सिंह के कपड़े फाड़ो। दिग्विजय सिंह भी सर्वे के आधार पर टिकटों के बंटवारे को लेकर सवाल उठा चुके हैं। अब भी दोनों को इस घटना पर सफाई देनी पड़ रही है। इसी मुद्दे को मोदी ने रतलाम में चुनावी सभा के दौरान उठाया। उन्होंने कहा कि विकास का रोडमैप क्या होगा, यह कांग्रेस को पता नहीं है। इतनी दूर की कांग्रेस सोच ही नहीं सकती। कांग्रेस के नेता फिल्मी हैं। कांग्रेसियों के डायलॉग भी फिल्मी है। कांग्रेस की घोषणाएं भी फिल्मी हैं। किरदार फिल्मी है तो सीन भी फिल्मी ही होगा। यहां कांग्रेस के दो नेताओं के बीच कपड़े फाड़ने की कम्पीटिशन चल रही है। अभी तो यह फिल्म का ट्रेलर है। यह अपने-अपने चेलों को बताते हैं कि एक बार मौका मिल गया तो उसके बाद वो खुद के भी कपड़े फाड़ेंगे, आपके भी फाड़ेंगे। यह याद रखिए कि जहां भी इन्हें मौका मिला है, उन्होंने जनता के कपड़े फाड़ दिए। उन्हें अवसर देना बहुत बड़ा संकट होता है। राजस्थान और छत्तीसगढ़ का पांच राज्यों में क्या हाल कर दिया। कांग्रेस मतलब राज्य में हजारों करोड़ के घोटाले, अपराधियों का बोलबाला, गरीबों से विश्वासघात, दलितों, पिछड़ों और आदिवासियों पर अत्याचार, राज्य को बीमार बनाने की गारंटी। यह उनके स्वभाव में है। उनके खून का हिस्सा है। 



कांग्रेस की कर्जमाफी का फायदा किसानों को नहीं मिलता


मोदी ने आरोप लगाया कि देश में कोई ऐसा नहीं है, जिसे कांग्रेस ने ठगा नहीं है। कांग्रेस हर चुनाव में कर्जमाफी का झुनझुना लेकर आती है। कांग्रेस की कर्जमाफी का फायदा किसानों को नहीं, कांग्रेसियों के चेले-चपाटियों को होता है। भाजपा सरकार जो कहती है, वह करती है। हम किसानों के छोटे-बड़े खर्चों की चिंता कर रहे हैं। पीएम किसान सम्मान निधि के तहत देशभर के किसानों को पैसा दे रहे हैं। 


वंशवाद को बढ़ावा देने का आरोप  


मोदी ने कहा कि यहां के कांग्रेस के शीर्ष नेता आपस में क्यों लड़ रहे हैं? यह लड़ाई सीएम की कुर्सी के लिए नहीं है। उन्हें पता है यहां उनकी दाल नहीं गलने वाली है। वह लोग तो अपने-अपने बेटों के लिए लड़ाई लड़ रहे हैं। लड़ाई इस बात की है कि किसका बेटा मध्य प्रदेश कांग्रेस पर कब्जा करेगा। कांग्रेस सिर्फ परिवारवाद का परचम लहरा सकती है। मध्य प्रदेश का परचम लहराना कांग्रेस के बस की बात नहीं है। भाजपा ही आपको आगे लेकर जाएगी। आपका सपना पूरा करना ही मोदी का संकल्प है। 


रतलामी सेव नहीं खाई तो यहां आया नहीं मानते

मोदी ने रतलामी सेव का जिक्र भी किया। उन्होंने कहा कि रतलाम आए और रतलामी सेव नहीं खाई तो उसे रतलाम आया, माना नहीं जाता है। सही बात है न? यही सच्चाई है। जब तीन दिसंबर को भाजपा सरकार की वापसी का जश्न मनेगा, तब लड्डू के साथ रतलामी सेव भी खूब खाई जाएगी। एक जिला एक उत्पाद के तहत यहां सेव को चुना गया है। नमकीन क्लस्टर बनाया गया है। 


No comments:

Post a Comment

Pages