Breaking

06 November 2023

भारत चंद्रमा पर लैंडिंग कर चुका, राहुल यान को लांच नहीं कर पा रही कांग्रेस


ग्वालियर। हिमाचल प्रदेश, कर्नाटक, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकारें हैं। आप वहां जाकर देखिए, क्या हालत है। विकास तो दूर, इन राज्यों में सरकारी कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलना भी मुश्किल हो जाता है। लेकिन भाजपा शासित राज्यों में ऐसी कोई शिकायत नहीं मिलती। वहां खुशहाली और विकास है। देश में सरकार चलाने की कला सिर्फ भारतीय जनता पार्टी के पास है। यह बात केंद्रीय रक्षा मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को ग्वालियर ग्रामीण में पार्टी प्रत्याशी श्री भारतसिंह कुशवाहा के समर्थन में सभा को संबोधित करते हुए कही। श्री सिंह ने शाम भोजपुर के सतला पुर में भी जनसभा को संबोधित किया।

भाजपा के लिए जनता ही जनार्दन, कांग्रेस में तो एक ही परिवार जनार्दन है

केंद्रीय मंत्री श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि इस चुनाव में कांग्रेस और भाजपा आमने-सामने हैं। आप दोनों पार्टियों से वाकिफ हैं और उनके नेताओं को भी जानते हैं। भारतीय जनता पार्टी के लिए जनता जनार्दन होती है, लेकिन कांग्रेस के लिए एक परिवार ही जनार्दन है। श्री सिंह ने कहा कि भाजपा के लिए जनता की सेवा ही पुनीत कर्त्तव्य है और यही भाजपा-कांग्रेस मे सबसे बड़ा अंतर है। श्री राजनाथ सिंह ने कहा कि आजादी के बाद 52-54 सालों तक मध्यप्रदेश में कांग्रेस की सरकारें रही, लेकिन कांग्रेस ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य बना दिया था। 2003 में भाजपा की सरकार बनी और पिछले 17-18 सालों में भाजपा की सरकार ने प्रदेश को बीमारू राज्य की श्रेणी से निकालकर विकास की ओर बढ़ाया है। श्री सिंह ने कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान की सरकार शानदार तरीके से काम कर रही है और उन्होंने जितनी योजनाएं प्रदेश में हर वर्ग के कल्याण के लिए लागू की हैं, उतनी योजनाएं देश के किसी प्रदेश में लागू नहीं की गई। 


No comments:

Post a Comment

Pages