Breaking

09 November 2023

सत्ता में आते ही कांग्रेस प्रदेशों को एटीएम की तरह उपयोग करती है


 भोपाल। मध्यप्रदेश की वर्ष 2003 से पहले की स्थिति आप लोगों से छिपी नहीं है। 2003 के बाद मध्यप्रदेश में जितना विकास हुआ है, वह मध्यप्रदेश की भारतीय जनता पार्टी की सरकार ने ही किया है। 2003 में कांग्रेस शासनकाल में मध्यप्रदेश की गणना देश के एक बीमारू राज्य के रूप में होती थी, लेकिन भारतीय जनता पार्टी के सत्ता संभालने के बाद प्रदेश का तेजी से विकास किया गया और आज मध्यप्रदेश एक बेमिसाल राज्य बन गया है। बीमारू राज्य से बेमिसाल राज्य आसानी से नहीं हुआ है। 2003 से 2014 तक मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार और 2014 से भाजपा की डबल इंजन की सरकार ने विकास करके मध्यप्रदेश को बेमिसाल राज्य बनाया है। भाजपा ने सत्ता में आने के बाद मध्यप्रदेश के ऋण अनुपात को 31 प्रतिशत से घटाकर 27 प्रतिशत तक पहुंचा दिया है। भाजपा सरकार में मध्यप्रदेश की कृषि विकास दर 3 प्रतिशत से बढ़ाकर 18 प्रतिशत और प्रति व्यक्ति आय 12 गुना तक बढ़ गई है। यह बात केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने गुरूवार को भोपाल में भाजपा मीडिया सेंटर में पत्रकार वार्ता का संबोधित करते हुए कही। 

केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने कहा कि भाजपा सरकार ने विकास के पांच सूत्र (5 जी) के जरिए विकास करके मध्यप्रदेश को बेमिसाल राज्य बनाया है। यह भाजपा की सरकार ही कर सकती है। कांग्रेस पार्टी जब सत्ता में आती है तो वह प्रदेशों का विकास करने की बजाय उन्हें अपने एटीएम की तरह इस्तेमाल करती है। कर्नाटक का हाल आप लोग देख ही रहे हैं। भाजपा की सरकार में विकास में अग्रणी राज्यों में शामिल रहा कर्नाटक आज किस स्थिति में पहुंच गया है। 

ग्रोथ, गुड गवर्नेंस, गुडविल, गारंटी और गरीब कल्याण हैं विकास के मूल मंत्र

केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने कहा कि ग्रोथ यानी विकास, गुड गवर्नेंस यानी सुशासन, गुडविल यानी जनता की शुभेक्षा और प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी गारंटी और गरीब कल्याण ही मूल मंत्र हैं, जिसके तहत भाजपा देश और प्रदेशों का विकास कर रही है। इन्हीं 5जी के तहत कार्य करके मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने मध्यप्रदेश को बीमारू राज्य से बेमिसाल राज्य बनाया है। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश में लगभग 2.67 करोड़ मुद्रा खातों में 1.4 लाख करोड़ रूपए वितरित किए गए हैं, जिनमें 70 प्रतिशत महिलाएं हैं। 10 लाख स्ट्रीट वेंडर्स को स्व निधि के तहत लाभ दिया गया है। स्टैंड-अप इंडिया के तहत 10 हजार लोगों को लगभग 800 करोड़ रूपए वितरित किए गए हैं, जिनमें महिला, एससी और एसटी लाभार्थी शामिल हैं। गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत मध्यप्रदेश के 5 करोड़ से अधिक लाभार्थियों को 5 किलो मासिक निःशुल्क राशन मिल रहा है, जिसे प्रधानमंत्री जी ने आने वाले 5 वर्षों के लिए और बढ़ा दिया है।

मध्यप्रदेश की योजनाओं को दक्षिण भारत के राज्य भी कॉपी कर रहे

केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती निर्मला सीतारमण ने कहा कि मध्यप्रदेश देश का पहला राज्य है जहां महिला सुरक्षा और महिला कल्याण के लिए ढेरों योजनाएं संचालित की जा रही हैं। सोशल वेलफेयर के लिए दक्षिण भारत के राज्य अग्रणी रहते हैं, लेकिन मध्यप्रदेश में भाजपा की सरकार ने लाड़ली लक्ष्मी योजना, संबल, लाड़ली बहना योजना जैसी महिला सशक्तिकरण की अनेकों योजनाएं लागू की हैं। अब तो दक्षिण भारत के राज्य भी मध्यप्रदेश आकर महिला सुरक्षा और महिला कल्याण की योजनाओं का अध्ययन कर अपने राज्य में लागू करने की तैयारी में हैं।

90 लाख किसानों को किसान सम्मान निधि

केंद्रीय वित्त मंत्री श्रीमती सीतारमण ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की सरकार ने देश के 10 करोड किसानों के साथ मध्यप्रदेश के 90 लाख किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि के तहत 6 हजार रूपए प्रदान किए जा रहे हैं। मध्यप्रदेश की भाजपा सरकार ने भी किसान कल्याण योजना के तहत प्रति किसान 6 हजार रूपए दिए जा रहे हैं। इसके साथ ही 1.7 करोड़ किसानों को फसल बीमा योजना का भी लाभ दिया जा रहा है। मध्यप्रदेश के 30 लाख किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड जारी किए जा चुके हैं। 


No comments:

Post a Comment

Pages