Breaking

09 November 2023

रिश्ता तो निभाने से ही बनता है, वरना मामा तो कंस भी था: प्रियंका गांधी



 भोपाल/रीवा/ सतना, 9 नवम्बर 2023

अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी की महासचिव श्रीमती प्रियंका गांधी ने सतना जिले में भगवान कामतानाथ का जयकारा लगाते हुए भगवान राम की तपोभूमि चित्रकूट और रीवा में कांग्रेस की विशाल जनसभाओं को संबोधित किया। 

श्रीमती प्रियंका गांधी ने कहा कि विंध्य और मप्र की जनता भाजपा के कुशासन से ऊब चुकी है। जनता ने मन में ठाना है कि इस बार मामा को हटाना है। उन्होंने कहा कि सिर्फ कह देने से कोई मामा नहीं हो जाता, रिश्ता तो निभाने से ही बनता है, वरना मामा तो कंस भी था। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के सिद्धांतों को याद करते हुये श्रीमती गांधी ने कहा कि महात्मा गांधी को जब गोली लगी तो उनके मुंह से हे राम निकला, कांग्रेस महात्मा गांधी के उसूलों पर चलती है। 

मप्र विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस की घोषणाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि मध्य प्रदेश में भाजपा सरकार ने 22 हजार घोषणाएं की हैं लेकिन 18 साल में इन्होंने 22 घोषणाएं भी पूरी नहीं की है। 

शिवराज सिंह चौहान की लाडली बहना योजना पर हमला बोलते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि 18 सालों से ये सत्ता में हैं, लेकिन इन्हें चुनाव के 2 महीने पहले लाडली बहन याद आईं। क्या चुनाव से पहले बहने समस्याओं में नहीं थी, क्या चुनाव से पहले महिलाओं के जीवन में कठिनाइयां नहीं थी, महंगाई नहीं थी?

श्रीमती प्रियंका गांधी ने कहा कि हम लाडली बहन योजना से ज्यादा महिलाओं को 1500 रुपए महीना देने का काम कांग्रेस सरकार आने पर करेंगे। हम कर्नाटक में महिलाओं को सम्मान राशि पहले से दे रहे हैं। हम किसानों की धान 2500 रू. समर्थन मूल्य में खरीदेंगे, किसानों का कर्ज माफ करेंगे। पिछले चुनाव में जब आपने कांग्रेस की सरकार को चुना था तो 15 महीने में हमने 27 लाख किसानों का कर्ज माफ किया था। हमारी सरकार आने पर हम पुरानी पेंशन लागू करने का काम करेंगे, क्योंकि हिमाचल, राजस्थान, छत्तीसगढ़ में कांग्रेस की सरकार पुरानी पेंशन लागू कर चुकी है।

कांग्रेस की जब सरकार थी तो कांग्रेस ने सरकारी नौकरियां देने का काम किया, लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार जब से देश और प्रदेश में बनी है तो सभी सरकारी कंपनियों को, फैक्ट्रियों को बेचने का काम किया जा रहा है, जिससे कि लोगों को सरकारी नौकरी नहीं मिल पा रही है। श्रीमती प्रियंका गांधी ने कहा कि जब हमारी सरकार 15 महीने थी तो हमने ओबीसी आरक्षण को 14 प्रतिशत से बढ़ाकर 27 प्रतिशत किया था, इस बार सरकार आने पर हम फिर से उसे लागू करेंगे।


No comments:

Post a Comment

Pages