Breaking

14 July 2022

आबादी तो पशु भी बढ़ाते हैं... देश की बढ़ती जनसंख्या पर संघ

अपने देश में हर मसले को धर्म के चश्मे में देखने की आदत बन चुकी है। जनसंख्या जैसे ज्वलंत और गंभीर मसले पर भी सियासत शुरू हो गई है। खाना, पानी, रहने का इंतजाम कहां से आएगा, कोई नहीं सोचता। एक सांसद ने यहां तक कह दिया कि अल्लाह पैदा करने का संबंध अल्लाह से है।



नई दिल्ली : दुनिया का एक छोटा सा देश है इजरायल। 20 हजार वर्ग किमी के क्षेत्रफल में फैले इस देश की आबादी मात्र 95 लाख है। जबकि अपने देश में अकेले दिल्ली में 2 करोड़ लोग रहते हैं। चारों तरफ इस मिडिल ईस्ट देश के दुश्मन हैं लेकिन यहूदी बहुल इजरायल की तरफ कोई बुरी नजर डालने की हिम्मत नहीं कर सकता। जो हिमाकत करता भी है उसे अत्याधुनिक हथियारों से ढेर कर दिया जाता है। ऐसे समय में जब अपने देश में जनसंख्या पर बहस छिड़ी हुई है, इजरायल का उदाहरण हर देशवासी की सोच को बदल सकता है। पूरी दुनिया उसकी पावर को मानती है, वह चाहे खेती के क्षेत्र में हो या टेक्नोलॉजी में। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ भी खुलकर इजरायल का उदाहरण देता है और जनसंख्या नियंत्रण की जरूरत पर जोर देता है। जब पिछले दिनों जनसंख्या नियंत्रण की चर्चा पर आलोचना शुरू हो गई संघ प्रमुख मोहन भागवत ने साफ कह दिया कि केवल खाना-पीना और आबादी बढ़ाना तो पशु भी करते हैं। जो ताकतवर है वही सर्वाइव करता है। दरअसल RSS का संदेश साफ है देश को इजरायल की तरह अपना प्रभाव और ताकत बढ़ाने पर फोकस करना चाहिए। अगर रास्ते में आबादी रुकावट बनती है तो उस पर सख्त फैसले लेने से नहीं हिचकना चाहिए।भागवत पहले ही इजरायल का उदाहरण दे चुके हैं। तब उन्होंने कहा था, '70 साल में हमने कितनी तरक्की की है यह हमें इजरायल जैसे छोटे देश से सीखने की जरूरत है।' ऐसे समय में जब बातें होने लगी हैं कि क्या जनसंख्या नियंत्रण के लिए कानून की जरूरत है। तर्क पर तर्क दिए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर चर्चा हो रही। संघ का रुख जानना महत्वपूर्ण हो जाता है। दरअसल, विश्व जनसंख्या दिवस पर सामने आई संयुक्त राष्ट्र की रिपोर्ट में कहा गया है कि भारत अगले साल दुनिया का सबसे अधिक आबादी वाला देश बन सकता है, अभी चीन पहले पायदान पर है। 2022 में भारत की आबादी 1.412 अरब है, जबकि चीन की आबादी 1.426 अरब है। इससे देश में संसाधनों को लेकर चिंता बढ़ने लगी है।
इजरायल से सीखने की जरूरत
कुछ समय पहले RSS चीफ भागवत ने कहा था कि आज दुनिया में इजरायल की धाक है। उसको हाथ लगाया तो अंजाम भुगतना होगा। हमारा देश करोड़ों की जनसंख्या वाला देश बन गया है। वह यह भी कह चुके हैं कि भारत को इजरायल जैसा बनना होगा। वह पूरी दुनिया में अन्न और फल की आपूर्ति कर रहा है। हमारा देश भी इजरायल से तकनीक सीख रहा है। दरअसल, इजरायल एक तरफ बॉर्डर पार से हमलों का सामना कर रहा है तो दूसरी तरफ उसने तकनीक, खेती, टैलेंट पूल में अलग मुकाम हासिल किया है। 70 साल में वह कृषि से लेकर उच्च तकनीकी अर्थव्यवस्था वाला देश बन चुका है। दुनिया का सुपरपावर बनने वाला अमेरिका भी इजरायल के साथ खड़ा दिखता है। यह देश उद्योगों की वजह से आत्मनिर्भर बन चुका है। यहां की खुफिया एजेंसी मोसाद को दुनिया में सबसे खतरनाक माना जाता है। भागवत का साफ कहना है कि आबादी पर अंकुश लगाने के साथ ही भारत को ताकतवर बनने की जरूरत है। अगर सारे संसाधन विशाल आबादी का पेट भरने में ही खत्म हो जाएंगे तो देश की तरक्की रुक जाएगी।

No comments:

Post a Comment

Pages