Breaking

24 April 2023

हर्ष फायर में भाजपा नेता के बेटे की मौत


 ग्वालियर। ग्वालियर में हर्ष फायर में भाजपा नेता व पार्षद के बेटे की मौत हो गई। चाचा के लड़के की शादी में आए 15 साल के बच्चे की पेट में गोली लगने से मौत हो गई है। शादी में टीका का कार्यक्रम चल रहा था।

रिश्तेदार ने लाइसेंसी बंदूक हवा में लहराई और खुशी जताते हुए हर्ष फायर कर दिया।बंदूक से निकली गोली पास ही खड़े छात्र के पेट में जा लगी। छात्र वहीं जमीन पर गिर पड़ा। परिजन उसे हॉस्पिटल ले गए तो डॉक्टर ने पेट में गोली लगने से मृत घोषित कर दिया। मौत की सूचना पर पुलिस अस्पताल और शादी समारोह में पहुंची। हर्ष फायर करने वाला अभी फरार है। वहीं पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।

दरअसल ग्वालियर देहात आंतरी स्थित चौधरी मोहल्ला निवासी शिवा उर्फ प्रियांशु अपने पिता भारत सिंह यादव के साथ जनकगंज थाना क्षेत्र के लक्ष्मीगंज हरेशिव मैरिज गार्डन में आया था। शिवा के चाचा पप्पू यादव के बेटे अमित यादव की शादी गार्डन से हो रही थी। देर रात तक शादी में सब कुछ ठीक चल रहा था। चचेरे भाई की शादी की खुशी में 15 साल का शिवा बारात में नाचते हुए मैरिज गार्डन पहुंचा था। 1 बजे के बीच दरवाजे पर टीका की रस्म चल रही थी। शिवा के पास उसका दूर का चाचा राजेश सिंह यादव निवासी आंतरी खड़ा हुआ था। राजेश ने बंदूक से हर्ष फायर किए। जिसमें एक गोली शिवा के पेट में जा लगी और वह वहीं गिर पड़ा। आनन-फानन में परिजन उसे जयारोग्य अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उसे पेट में गोली लगने से मृत घोषित कर दिया। मृतक शिवा 9वीं का छात्र है। उसके पिता भारत यादव आंतरी नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष हैं। साथ ही वर्तमान में पार्षद हैं। भाजपा के पुराने नेताओं में गिने जाते हैं और मृतक शिवा उनका इकलौता बेटा था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अस्पताल और शादी समारोह में पहुंची। जहां पुलिस ने मृतक शिवा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इसके साथ ही गार्डन से सीसीटीवी फुटेज खंगाल गए। लेकिन इस दौरान आरोपी राजेश फरार हो गया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

No comments:

Post a Comment

Pages